नवादा: गयाजी रोड पर काल बनी रफ्तार, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गयाजी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
Nawada - : नवादा के हिसुआ थाना क्षेत्र में गयाजी रोड पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार काफी दूर जा गिरा। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। इस दुर्घटना में बाइक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की हुई पहचान, परिवार में कोहराम
मृतक की पहचान नरहट थाना क्षेत्र के पुनौल गांव निवासी होरिल चौहान के पुत्र गया चौहान के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, गया चौहान अपने परिजनों से मिलकर वापस अपने घर लौट रहा था। वह गया की ओर से हिसुआ की तरफ आ रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से नाराज लोगों ने मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार और एसआई उमेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने उग्र लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। घायल व्यक्ति को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
हिसुआ थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों को घटना की आधिकारिक सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
Report - aman sinha