नीरज के नामांकन में शामिल हुए एनडीए के तमाम दिग्गज... निशांत का ऐलान- हर हाल में जीतेंगे पटना स्नातक सीट
निशांत ने कहा कि नीरज कुमार पार्टी के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे हैं. वे 3 बार के एमएलसी हैं. समाजवादी विचारधारा के हैं. उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा एनडीए एकजुट है.
Bihar MLC Election : जेडीयू के पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार नीरज कुमार के नामांकन में सोमवार को एनडीए ने एकजुट होकर उनका साथ दिया. नीरज के नामांकन में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत भी आए जो नीतीश कुमार के बेटे हैं. साथ ही निशांत ने नीरज की जीत को लेकर आश्वस्त होकर कहा कि उनके लिए वे चुनाव प्रचार करने भी जाएंगे.
निशांत ने कहा कि बिहार में 8 सीटों पर एमएलसी चुनाव हो रहा है. पटना स्नातक से नीरज कुमार और पटना शिक्षक सीट से डॉ नवल किशोर यादव के नामांकन में शामिल होने वे आए हैं. पटना से जुड़े दोनों उम्मीदवार सहित बिहार में सभी 8 सीटों के हो रहे चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों की जीत होगी.
उन्होंने कहा कि नीरज कुमार पार्टी के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे हैं. वे 3 बार के एमएलसी हैं. समाजवादी विचारधारा के हैं. उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा एनडीए एकजुट है. उन्होंने कहा कि मेरे पिताजी नीतीश कुमार के 20 साल के शासनकाल में बिहार में जो विकास हुआ है और अभी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार जिस तरह तरक्की कर रहा है उसी को लेकर हम वोटरों के पास जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि वे इस चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के लिए प्रचार भी करेंगे. 10 अक्टूबर को दरभंगा में जबकि पटना शिक्षक तथा स्नातक क्षेत्र के लिए 13 अक्टूबर को नवादा में प्रचार करने जाएंगे. वहीं बाढ़ में भी उनके जाने का कार्यक्रम है. वहीं पार्टी में नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच चल रहे विवाद पर बिना अनंत का नाम लिए उन्होंने कहा कि नीरज कुमार हमेशा पार्टी के प्रतिबद्ध नेता रहे हैं. उनकी जीत तय करने में पूरा एनडीए एकजुट है.
एनडीए ने दिखाई एकजुटता
नीरज के नामांकन को लेकर न सिर्फ निशांत बल्कि भाजपा, जदयू, लोजपा, हम और आरएलएम के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े कई नेताओं ने आकर समर्थन किया. उपेन्द्र कुशवाहा ने नीरज कुमार को लेकर कहा कि पूरा एनडीए सभी सीटों पर जीतेगा इसमें पटना भी शामिल है.