NEET UG 2026: सावधान! बिना आधार ई-केवाईसी और लाइव फोटो के नहीं भर पाएंगे नीट यूजी का फॉर्म, NTA ने जारी किए निर्देश

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुरक्षा और सत्यापन के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।

New Delhi : मेडिकल कोर्सेज में दाखिले के लिए होने वाली देश की सबसे बड़ी परीक्षा 'नीट यूजी 2026' के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की खिड़की खुल गई है। इच्छुक छात्र मार्च 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। हालांकि, इस साल एनडीए ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में कुछ कड़े बदलाव किए हैं, जिन्हें समझना छात्रों के लिए अनिवार्य है।

आधार eKYC अब अनिवार्य

एनटीए ने इस बार सुरक्षा फीचर्स को और अधिक मजबूत करने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रोसेस को अपडेट किया है। अब नीट यूजी परीक्षा के लिए पंजीकरण करते समय आधार ई-केवाईसी (Aadhaar eKYC) करना अनिवार्य होगा। यह कदम छात्रों की पहचान के पुख्ता सत्यापन के लिए उठाया गया है।

लाइव फोटो अपलोड करने का नया नियम

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय छात्रों को अब अपनी पुरानी फोटो अपलोड करने के बजाय लाइव फोटो कैप्चर करनी होगी। एनटीए के निर्देशों के अनुसार :

  • फोटो फ्रेम का 80% हिस्सा चेहरे से कवर होना चाहिए।
  • फोटो खिंचवाते समय टोपी, चश्मा या गॉगल्स पहनना वर्जित है।
  • छात्र अपने कंप्यूटर के वेबकैम का उपयोग कर सकते हैं या मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर फोन के कैमरे से फोटो अपलोड कर सकते हैं।


क्या है शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा?

नीट यूजी 2026 में शामिल होने के लिए पात्रता मानदंड निम्नलिखित हैं:

  • शैक्षणिक योग्यता: छात्र ने फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (PCB) विषयों के साथ 12वीं या इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की हो। एडिशनल विषयों के रूप में इन सब्जेक्ट्स को पढ़ने वाले छात्र भी आवेदन के पात्र हैं।

  • आयु सीमा: आवेदन के लिए छात्र की न्यूनतम आयु 17 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा का कोई बंधन नहीं है।


आवेदन करने की चरणबद्ध प्रक्रिया

छात्र नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर अपना आवेदन पूर्ण कर सकते हैं:

  1. आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
  2. होम पेज पर 'Registration for NEET(UG) – 2026 is LIVE!' लिंक पर क्लिक करें।
  3. जरूरी विवरण दर्ज कर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
  4. लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में अन्य जानकारी भरें और लाइव फोटो कैप्चर करें।
  5. अपनी कैटेगरी के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
  6. फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के संदर्भ के लिए प्रिंटआउट निकालकर रख लें।