राष्ट्रपति के स्वागत में न नीतीश आए ना डिप्टी सीएम, पप्पू यादव का हमला- बंगाल में बवाल मचाने वाली भाजपा अब क्यों है चुप

पप्पू यादव ने तंज कसते हुए कहा कि 'महामहिम राष्ट्रपति महोदया का दिल से सम्मान है पर एक सवाल है. आज उनका नालंदा आगमन हुआ बिहार के CM, डिप्टी CM गण उनकी आगवानी को नहीं गए.

President protocol controversy- फोटो : news4nation

President protocol controversy:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बिहार दौरे के दौरान  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के उनके स्वागत में नहीं आने पर पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने इसे लेकर भाजपा को घेरते हुए कहा कि पिछले दिनों  राष्ट्रपति के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान वहां की मुख्यमंत्री के स्वागत में नहीं आने पर भाजपा ने बुक्का फाड़ रोना-धोना किया था. लेकिन अब बिहार में सीएम या डिप्टी सीएम कोई भी स्वागत में नहीं आये तो क्या यह आदिवासी समुदाय से आने वाली देश की महिला राष्ट्रपति का अपमान नहीं है. 


दरअसल,  बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (रिटायर्ड) ने बिहार के गया पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया। बाद में राष्ट्रपति ने राजगीर में नालंदा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया. इस दौरान भी सीएम या डिप्टी सीएम वहां नहीं थे. इसे लेकर पप्पू यादव ने तंज कसते हुए कहा कि 'महामहिम राष्ट्रपति महोदया का दिल से सम्मान है पर एक सवाल है. आज उनका नालंदा आगमन हुआ बिहार के CM, डिप्टी CM गण उनकी आगवानी को नहीं गए. क्या यह आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति का अपमान नहीं है? बंगाल में इसे मुद्दा बना बुक्का फाड़ रोने वाले BJP नेतृत्व को क्या अब लकवा मार गया?' 


बंगाल में हुआ था विवाद 

मार्च के पहले सप्ताह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया था. उनके दौरे में प्रोटोकॉल नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई थी. इसे लेकर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से इस संबंध में विस्तृत जवाब मांगा था. यहां तक कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राष्ट्रपति के स्वागत में नहीं आने पर भाजपा ने इस पर टीएमसी को आड़े हाथों लिया. केंद्रीय गृह सचिव ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को एक पत्र लिखकर "ब्लू बुक" में बताए गए नियमों के उल्लंघन पर जवाब मांगा था. 


प्रेम कुमार ने किया स्वागत 

बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा विदेश मंत्री एस. जयशंकर का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया. इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह गया की पवित्र धरती के लिए गौरव का विषय है कि देश की राष्ट्रपति एवं विदेश मंत्री का आगमन यहां हुआ. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति का कार्यक्रम नालंदा विश्वविद्यालय में प्रस्तावित था, जिसके क्रम में गया आगमन पर उनका स्वागत करने का सुअवसर प्राप्त हुआ.