नर्सिंग छात्र ही संस्थान की असली पूंजी, देश-विदेश में सेवा दे रहे यहाँ के विद्यार्थी: NIHER पटना में फ्रेशर पार्टी का रंगारंग आयोजन
पटना के NIHER संस्थान में नर्सिंग 2025-26 सत्र के छात्रों के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन। संस्थान के निदेशक डॉ. विकास कुमार गुप्ता ने छात्रों को दी मानव सेवा की सीख। जानें पूरी खबर।
Patna - आई.डी.एच. कॉलोनी, गुलजारबाग स्थित प्रतिष्ठित संस्थान नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ हेल्थ एजुकेशन एण्ड रिसर्च (NIHER) के प्रांगण में शनिवार को नर्सिंग सत्र 2025-26 के नवागंतुक विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य 'फ्रेशर पार्टी' का आयोजन किया गया। संस्थान के सभागार में आयोजित इस समारोह में सीनियर विद्यार्थियों ने अपने जूनियर्स का गर्मजोशी से स्वागत किया।
दीप प्रज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रमुख डॉ. उमेश प्रसाद गुप्ता, निदेशिका माया गुप्ता, कार्यकारी निदेशक डॉ. विकास कुमार गुप्ता एवं डॉ. एस. सुगुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के स्वागत में कई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
समाज निर्माण में नर्सिंग का महत्व
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक डॉ. विकास कुमार गुप्ता ने समाज में नर्सिंग पेशे की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। छात्र ही संस्थान की असली धरोहर होते हैं, जिनके परिश्रम से संस्थान प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है।" उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने और जीवन में 'मानव सेवा' का संकल्प लेने की सलाह दी। डॉ. गुप्ता ने गर्व के साथ साझा किया कि इस संस्थान से उत्तीर्ण छात्र आज न केवल देश में, बल्कि विदेशों में भी अपनी सेवाएं देकर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति
समारोह को सफल बनाने में ज्योति मिश्रा, तन्नु, मालती सिंह, उम्मुसलिमा पोल्लाकल, दीप्ती, लक्ष्मी, राजू, प्रिति, डॉ. जे.एन. पंडित एवं मनोज कुमार झा सहित संस्थान के कई अन्य शिक्षकों और गणमान्य व्यक्तियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।