बिहार की सियासत में 'निशांत' दस्तक: सीएम हाउस में जेडीयू प्रवक्ताओं के साथ बड़ी बैठक, भविष्य की रणनीति तैयार

बिहार की सियासत में बड़े बदलाव के संकेत; मुख्यमंत्री आवास में निशांत कुमार ने जेडीयू प्रवक्ताओं के साथ की अहम बैठक।

Patna -  बिहार की राजनीति में आज एक नया अध्याय शुरू होता दिखा, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार सुबह से ही पूरी तरह सक्रिय नजर आए । पिछले दो दशकों की परंपरा को बदलते हुए, इस बार मुख्यमंत्री की जगह निशांत कुमार स्वयं पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुँचे और नमाज अदा करने आए मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद दी । इसके बाद उन्होंने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और फिर मुख्यमंत्री आवास लौटकर अपने पिता का आशीर्वाद लिया 

प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों का जमावड़ा 

निशांत कुमार की इस सक्रियता के बीच मुख्यमंत्री आवास (1 अणे मार्ग) में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दिग्गज प्रवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई । इस बैठक में जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन, मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और प्रदेश स्तर के सभी प्रमुख प्रवक्ता व मीडिया पैनलिस्ट शामिल हुए । निशांत कुमार ने इन सभी के साथ बंद कमरे में काफी देर तक संवाद किया, जिसे पार्टी के भीतर उनके बढ़ते कद और संगठनात्मक पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है 

पिता की राह पर चलने का संकल्प 

मीडिया से रूबरू होते हुए निशांत कुमार ने एक सधा हुआ राजनीतिक संदेश दिया । उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के आदर्शों और उनके द्वारा स्थापित समावेशी विकास की राह पर ही आगे बढ़ेंगे । निशांत ने जोर देकर कहा कि उनका लक्ष्य सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलना है । प्रवक्ताओं के साथ हुई इस बैठक में पार्टी के विजन को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए मीडिया रणनीति तैयार करने पर विशेष मंथन किया गया 

उत्तराधिकारी की मांग और बिहार यात्रा की चर्चा 

जेडीयू के गलियारों में अब निशांत कुमार को 'अगले मुख्यमंत्री' के रूप में देखने की मांग जोर पकड़ने लगी है । पार्टी के कई नेताओं का मानना है कि निशांत का बेदाग चेहरा और उनकी सक्रियता संगठन में नई ऊर्जा फूँक सकती है । सूत्रों के हवाले से यह भी खबर है कि निशांत जल्द ही पूरे बिहार की यात्रा पर निकल सकते हैं, जिसके रूट मैप और रणनीति को लेकर इस बैठक में चर्चा की गई है । हालांकि एनडीए गठबंधन में नेतृत्व को लेकर चर्चाएं अलग हैं, लेकिन जेडीयू ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं 

प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज 

मुख्यमंत्री आवास में हुई इस बैठक के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक सतर्कता भी काफी बढ़ी हुई देखी गई । जिस तरह से अचानक मीडिया पैनल के सभी सदस्यों को सीएम हाउस बुलाया गया, वह महज एक औपचारिक मुलाकात नहीं बल्कि एक बड़ी राजनीतिक पटकथा का हिस्सा नजर आता है । निशांत कुमार के सक्रिय होने से न केवल जेडीयू कार्यकर्ता उत्साहित हैं, बल्कि विपक्षी खेमों में भी नई रणनीतियों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है 

Report -- abhijit singh