Bihar Politics: जदयू की सदस्यता लेने के बाद पहली बार पार्टी कार्यालय पहुंचे निशांत, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

Bihar Politics: सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार जदयू की सदस्यता लेने के बाद पहली बार बुधवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे। जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। कार्यकर्ताओं ने बिहार का सीएम कैसा हो निशांत कुमार जैसा हो के नारे भी लगाए।

निशांत के लिए लगे नारे - फोटो : reporter

Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार पहली बार पार्टी कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता वहां मौजूद रहे और उनका जोरदार स्वागत किया गया। पार्टी कार्यालय पहुंचते ही युवा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। 

पार्टी कार्यालय पहुंचे निशांत 

सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बताया जा रहा है कि इस दौरान निशांत कुमार जदयू के कार्यकर्ताओं और युवा नेताओं से मुलाकात करेंगे और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे। निशांत के पार्टी कार्यालय पहुंचने को जदयू में उनकी सक्रियता की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

'बिहार सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो' के लगे नारे

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” के नारे लगाए। निशांत के दफ्तर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। निशांत कुमार ने हाल ही में 8 मार्च को जदयू की सदस्यता ली है और उसके बाद से वे लगातार राजनीति में सक्रिय नजर आ रहे हैं। पार्टी कार्यालय में उनके साथ बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी मौजूद थे।

सुनील कुमार भी रहे मौजूद 

सुनील कुमार ने बताया कि हर बुधवार को पार्टी कार्यालय में जनता दरबार लगाया जाता है, जहां लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं। उन्होंने कहा कि उसी कार्यक्रम के सिलसिले में वे पार्टी दफ्तर पहुंचे थे। इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं। जब शिक्षा मंत्री से यह पूछा गया कि पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि यह स्वाभाविक बात है।

8 मार्च को जदयू में शामिल हुए निशांत

निशांत कुमार ने 8 मार्च को औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ली थी। सदस्यता लेने के बाद उन्होंने अपने पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आशीर्वाद भी लिया। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें जदयू का गमछा और टोपी पहनाकर सदस्यता दिलाई थी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने कहा था कि वे पार्टी के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे और पिछले 20 वर्षों में उनके पिता द्वारा किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट