अमित शाह से 150 मीटर, राहुल गांधी से 100 मीटर दूर... नीतीश कुमार के 3 एकड़ में फैले आलीशान बंगला की सुविधाएं जानकर हो जाएंगे हैरान

Type-8 श्रेणी के सरकारी बंगले देश के सबसे बड़े और सुविधायुक्त सरकारी आवासों में गिने जाते हैं। नीतीश कुमार को आवंटित बंगला करीब 3 एकड़ के विशाल परिसर में फैला बताया जा रहा है। इसमें बड़ा लॉन, गार्डन और पर्याप्त खुला क्षेत्र मौजूद है।

Nitish Kumar 9 Sunhari Bagh bungalow- फोटो : news4nation

Nitish Kumar 9 Sunhari Bagh :  बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार अब दिल्ली में अपने नए सरकारी आवास में गृह प्रवेश करने जा रहे हैं। नीतीश कुमार को सुनहरी बाग रोड स्थित बंगला नंबर-9 आवंटित किया गया है। 17 जुलाई को वह अपने नए आवास में गृह प्रवेश करेंगे। यह कोई साधारण सरकारी आवास नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की सबसे उच्च श्रेणी की Type-8 आवासीय श्रेणी का बंगला है। नीतीश कुमार का दिल्ली स्थित नया आवास राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुनहरी बाग इलाका पहले से ही देश के सबसे हाई-प्रोफाइल और सुरक्षित इलाकों में शामिल है। गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी सहित बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का सरकारी आवास भी इसी इलाके में है।


3 एकड़ में फैला विशाल परिसर

Type-8 श्रेणी के सरकारी बंगले देश के सबसे बड़े और सुविधायुक्त सरकारी आवासों में गिने जाते हैं। नीतीश कुमार को आवंटित बंगला करीब 3 एकड़ के विशाल परिसर में फैला बताया जा रहा है। इसमें बड़ा लॉन, गार्डन और पर्याप्त खुला क्षेत्र मौजूद है।  इस बंगले में 8 बेडरूम, बड़ा लिविंग रूम, डाइनिंग एरिया और स्टडी रूम जैसी सुविधाएं हैं। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए 6 स्टाफ क्वार्टर भी बनाए गए हैं। आवास को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें रहने वाले वीवीआईपी को पर्याप्त प्राइवेसी और सुरक्षा मिल सके।


Type-8 बंगला क्यों होता है खास?

Type-8 सरकारी आवास देश की सबसे उच्च श्रेणी की आवासीय सुविधाओं में शामिल होते हैं। ऐसे आवास आमतौर पर देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर रहे नेताओं, वरिष्ठ मंत्रियों, न्यायपालिका के बड़े पदाधिकारियों और अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों को आवंटित किए जाते हैं। इन बंगलों की खासियत केवल इनका बड़ा आकार नहीं है। इनके परिसर में आवासीय सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा, स्टाफ क्वार्टर, पार्किंग और बड़े हरित क्षेत्र की व्यवस्था होती है। वीवीआईपी की आवाजाही और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन आवासों का पूरा परिसर तैयार किया जाता है।


हाई-सिक्योरिटी जोन में है नीतीश का आवास

सुनहरी बाग दिल्ली का एक हाई-सिक्योरिटी इलाका है। यहां सरकारी आवासों की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी होती है। परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगातार सुरक्षा निगरानी रहती है। प्रवेश और निकास के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है और वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय रहती हैं। नीतीश कुमार की दिल्ली में सुरक्षा का जिम्मा भी केंद्रीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत रहेगा। उन्हें Z+ कैटेगरी की सुरक्षा प्राप्त है और दिल्ली में उनकी सुरक्षा व्यवस्था में CRPF की भूमिका होगी।


अमित शाह और राहुल गांधी के बेहद करीब

नीतीश कुमार का नया आवास दिल्ली के उस राजनीतिक इलाके में है, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई बड़े नेता रहते हैं। उनका बंगला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास से करीब 150 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आवास भी लगभग 100 मीटर की दूरी पर है। 

 

संसद सत्र में शामिल हो सकते हैं नीतीश

नीतीश कुमार का 17 जुलाई को दिल्ली पहुंचना और नए आवास में गृह प्रवेश करना ऐसे समय हो रहा है जब संसद का आगामी सत्र भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्यसभा सांसद के तौर पर नीतीश कुमार संसद की कार्यवाही में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री पद से अलग होने और राज्यसभा की राजनीति में आने के बाद दिल्ली में यह नया आवास नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन के नए चरण का प्रतीक माना जा रहा है। अब पटना के मुख्यमंत्री आवास के बजाय दिल्ली का 9 सुनहरी बाग उनके नए राजनीतिक ठिकानों में शामिल होगा।