45 हजार BPSC शिक्षक बहाली पर सीएम नीतीश का बड़ा ऐलान, अररिया में समृद्धि यात्रा में दी खुशखबरी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अररिया में समृद्धि यात्रा के दौरान बुधवार को बीपीएससी शिक्षक बहाली से जुड़े मामले में एक बड़ा ऐलान किया .

recruitment of BPSC teachers - फोटो : news4nation

Nitish Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान बुधवार को अररिया का दौरा किया.  उन्होंने लालू-राबड़ी राज पर हमला बोलते हुए कहा कि 24 नम्वबर 2005 को हमारे मुख्यमंत्री बनने के पहले बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी. लोग शाम के बाद अपने घरों से नहीं निकलते थे. स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क की स्थिति बदहाल थी. इन लोगों को मौका मिला लेकिन कोई काम नहीं किया. 


45 हजार नए शिक्षक होंगे बहाल

उन्होंने कहा कि पहले हिंदू-मुस्लिम में खूब झगड़ा होता था. हमने 2006 से कब्रिस्तान की घेराबंदी करानी शुरू की. इसी तरह 2016 में 60 वर्ष से पुराने मंदिर की घेराबंदी का काम शुरू कराया. इससे मंदिरों में चोरी की घटनाएं कम हो गई. सीएम नीतीश ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2006 से ही बालिका शिक्षा, साइकिल योजना जैसे पहल की गई. वहीं शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए शिक्षकों की बहाली की प्रकिया शुरू की गई. फिर बीपीएससी से शिक्षक बहाली की प्रक्रिया हुई. लाखों की संख्या में नियोजित और बीपीएससी शिक्षक आज बहाल हैं. बिहार में सरकारी शिक्षकों की संख्या 5 लाख 24 हजार हो गई है. साथ ही 45 हजार नए शिक्षकों की बहाली हो रही है. 


लालू राज में अस्तपाल थे बदहाल

सीएम नीतीश ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत पहले बेहद खराब है. किसी को सरकारी अस्पताल में उपचार की सुविधा नहीं थी. 2006 से हमारी सरकार ने अस्पतालों में मुफ्त उपचार की सुविधा शुरू की. बिहार में पहले सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज था, आज 12 मेडिकल कॉलेज हैं. वहीं हर जिले में मेडिकल कॉलेज बन रहा है. सीएम नीतीश ने कहा कि पटना में पीएमसीएच का विस्तार किया गया है और अब 5403 बिस्तरों वाला पीएमसीएच बन गया है. इसी तरह आईजीआईएमएस में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं. 


सिर्फ 5 घंटे में पहुंच रहे पटना

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सड़कों और पुल पुलियों का निर्माण बड़े स्तर पर किया गया. इससे राज्य के किसी भी कोने से पटना आने का समय 6 घंटे हो गया. लेकिन अब यह समय और कम गया है जिससे पटना से सबसे दूर के जिले से भी सिर्फ 5 घंटे में पहुंचना संभव हो गया है. उन्होंने कहा कि बिहार में मछली उत्पादन भी ढाई गुणा बढ़ गया है. चौथे कृषि रोड मैप से बिहार में कृषि में बड़े स्तर पर काम हुआ है. 


महिलाओं को बड़ा लाभ 

उन्होंने कहा कि 2015 में सात निश्चय की शुरुआत हुई थी. उसके बाद 2020 में इसका दूसरा चरण लागू किया गया. वहीं अब सात निश्चय 3 के तहत काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बिहार में हमारी सरकर ने मुफ्त बिजली देनी की पहल की है. इससे लोगों को बड़े स्तर पर राहत मिली है. अपनी सरकार में महिलाओं के लिए हुए कामों का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण में बड़ी पहल बताया. 


उद्घाटन एवं अवलोकन

इसके पहले सीएम नीतीश ने अररिया में नया पुलिस केन्द्र के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन एवं अवलोकन किया. साथ ही जिलान्तर्गत विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास और अररिया जिला अंतर्गत प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की प्रगति के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया. साथ ही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण और कोशी दुग्ध परियोजना, पूर्णिया अंतर्गत अररिया सेंटर के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण योजना का उद्घाटन तथा दुग्ध आपूर्तिकर्ताओं से संवाद किया. जी०एन०एम० छात्रावास का उद्घाटन और जननायक कर्पूरी ठाकुर, छात्रावास अररिया एवं कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य छात्रावास के छात्रों के साथ संवाद किया.