नीतीश कुमार चुने गए जदयू विधायक दल के नेता, सीएम पद की शपथ लेने के पहले मंत्रियों के नाम पर भी बड़ा फैसला
85 सीटों पर जीत हासिल करने के बाद जदयू विधायक दल के नेता के तौर पर नीतीश कुमार को नव निर्वाचित विधायकों द्वारा चुना गया है
Nitish Kumar : बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने के बाद, जेडीयू (JDU) विधायक दल ने नीतीश कुमार को अपने नेता के रूप में चुना है। पार्टी ने कुल 85 सीटों पर जीत हासिल की है, जो राज्य में उसकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है। जदयू विधायक दल की बुधवार को हुई बैठक में नीतीश कुमार को नव निर्वाचित विधायकों द्वारा पार्टी दल का नेता चुना गया।
गौरतलब है कि 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 10 सालों के बाद पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान शपथ ग्रहण समारोह होना है। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह के लिए पटना का गांधी मैदान पूरी तरह तैयार है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गुरुवार दोपहर 1:30 बजे नीतीश कुमार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। समारोह दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक चलेगा, जबकि आम लोगों के लिए मैदान में प्रवेश सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा।
प्रधानमंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इनके आगमन को देखते हुए पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी मूवमेंट को सुचारू रखने के लिए एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री और शीर्ष अधिकारियों ने की सुरक्षा समीक्षा
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। आगमन एवं प्रस्थान क्षेत्र, वीवीआईपी लाउंज, पार्किंग ज़ोन और सुरक्षा बैरियर की गहन समीक्षा की गई। डीजीपी ने आश्वस्त किया कि एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
दस साल बाद गांधी मैदान में शपथ ग्रहण
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह दस वर्ष बाद आयोजित हो रहा है। इससे पहले 2015 में इसी मैदान में शपथ ग्रहण हुआ था। एनडीए सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने पहली बार वर्ष 2005 में गांधी मैदान में ही शपथ ली थी। इसके बाद 2010 और 2015 में भी यहां समारोह हुआ। साल 2020 में कोरोना काल के दौरान शपथ ग्रहण राजभवन में आयोजित किया गया था।