निशांत की जदयू विधायकों-नेताओं संग पार्टी ऑफिस में बैठक, पापा नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद अब करेंगे यह काम
Nishant : निशांत कुमार ने बुधवार को जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रदेश कार्यालय में निशांत कुमार ने जिला अध्यक्षों और सारण प्रमंडल के अध्यक्षों के साथ अहम बैठक की। बैठक में चेतन आनंद, रुहेल रंजन, ऋतुराज कुमार सहित कई विधायक मौजूद रहे। इसके अलावा एमएलसी संजय गांधी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के बाद निशांत कुमार ने नीतीश कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के मार्गदर्शन में ही आगे बढ़ेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे।
निशांत कुमार ने कहा, “हमारी कोशिश रहेगी कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चला जाए। मैं पिताजी का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी मेहनत करूंगा।” बताया जा रहा है कि पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद से ही निशांत कुमार लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।