Bihar Politics:अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, जनसुनवाई का लिया जायजा, नेताओं को दिए सख्त निर्देश

Bihar Politics: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय पहुंच गए।....

अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानी सोमवार को अचानक जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय पहुंच गए। उनके इस औचक दौरे से पार्टी कार्यालय में कुछ देर के लिए हलचल तेज हो गई। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे नीतीश कुमार ने कार्यालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां चल रही जनसुनवाई प्रक्रिया का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार सीधे उस कक्ष में पहुंचे, जहां पार्टी की ओर से जनसुनवाई कार्यक्रम चल रहा था। उस समय बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार मौजूद थे और लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। नीतीश कुमार ने पूरे कार्यक्रम को ध्यान से देखा और अधिकारियों व नेताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनसुनवाई पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ की जाए, ताकि लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान हो सके।

इसके बाद उन्होंने जदयू प्रदेश कार्यालय के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और साफ-सफाई, व्यवस्थाओं तथा आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी उनके साथ मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने उमेश कुशवाहा को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय की सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हों और यहां आने वाले लोगों की समस्याओं की सुनवाई नियमित एवं प्रभावी तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यालय जनता के लिए हमेशा खुला रहे और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों की शिकायतों का भी गंभीरता से निपटारा किया जाए।

नीतीश कुमार के इस औचक निरीक्षण को संगठनात्मक सक्रियता और पार्टी कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। उनके दौरे के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह