Bihar Politics: पटना में 21 जून को JDU का शक्ति प्रदर्शन ! नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर लगेगी मुहर, चुनावी रणनीति पर होगा बड़ा मंथन
Bihar Politics: आगामी 21 जून को जदयू की ओर से बैठक की जाएगी। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार के निर्वाचन पर राष्ट्रीय परिषद की औपचारिक मुहर लगाई जाएगी.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार की सियासत में जनता दल (यूनाइटेड) ने एक बड़ी संगठनात्मक बैठक का ऐलान किया है। पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक 21 जून 2026 को पटना स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक को जदयू के संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार के निर्वाचन पर राष्ट्रीय परिषद की औपचारिक मुहर लगाई जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और भावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके साथ ही विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर भी मंथन किया जाएगा, ताकि आगामी दिनों में पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। बैठक का एक प्रमुख एजेंडा बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना भी होगा। पार्टी नेतृत्व इस बात पर विशेष जोर देगा कि सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
जदयू नेतृत्व विकसित बिहार और सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए भी व्यापक चर्चा करेगा। माना जा रहा है कि बैठक में पार्टी के भविष्य के कार्यक्रमों और संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन में राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश और जिला स्तर तक के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद के सदस्य भी बैठक में मौजूद रहेंगे। बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के कारण यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी समीकरणों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए जदयू की यह बैठक कई अहम संदेश दे सकती है। ऐसे में 21 जून को पटना का कर्पूरी सभागार बिहार की राजनीति का केंद्र बिंदु बनने जा रहा है।
रिपोर्ट- अभिजीत सिंह