Bihar News: शादी में अब नहीं पड़ेगा LPG का अकाल! नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, सिलेंडर को लेकर नई गाइडलाइन जारी, जानिए पूरी खबर
Bihar News:बिहार में एलपीजी संकट के बीच शादी-ब्याह वाले परिवारों को बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने समारोहों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की गाइडलाइन जारी की है।
Bihar News: मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच एलपीजी संकट गहराता जा रहा है। इसी बीच शादियों का सीजन भी शुरु हो रहा है। ऐसे में शादियों में गैस की किल्लत को लेकर लगातार चर्चाएं तेज है। लेकिन अब नीतीश सरकार ने शादी वालों घरों की यह परेशानी दूर कर दी है। नीतीश सरकार ने शादी ब्याह वाले परिवार को बड़ी राहत दी है। अब समारोहों में भोजन बनाने के लिए गैस सिलेंडर की किल्लत नहीं होगी।
सभी जिलों के आदेश जारी
जानकारी अनुसार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी जिलों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन परिवारों में शादी है, उन्हें कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब खरमास खत्म होने के बाद राज्य में शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने जा रहा है। मंत्री लेशी सिंह और विभागीय सचिव अभय कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित जिले में उपलब्धता के आधार पर शादी वाले परिवारों को कमर्शियल सिलेंडर दिया जाएगा। साथ ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति भी 4 से 5 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जा रही है।
क्यों आई थी किल्लत?
दरअसल, अमेरिका-ईरान तनाव और मध्य-पूर्व में जारी संकट के चलते एलपीजी सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके बाद केंद्र सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर सख्ती बढ़ा दी और कीमतों में भी इजाफा हुआ। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी को रोका जा सके।
कैटरिंग पर असर
गैस की कमी और महंगे कमर्शियल सिलेंडर के कारण शादी समारोहों में कैटरिंग का खर्च बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भोज की कीमतों में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में कई परिवार मेन्यू छोटा कर रहे हैं और एक्स्ट्रा आइटम या लाइव काउंटर हटाए जा रहे हैं, ताकि गैस की खपत कम हो।
नए नियम लागू
सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के लिए कमर्शियल गैस कनेक्शन का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है। बिना पंजीकरण अब किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान को गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा। हिंदू मान्यताओं के अनुसार 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होगा, जिसके बाद 20 अप्रैल से वैवाहिक मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। अप्रैल और मई में शादी के कई शुभ मुहूर्त हैं, जिससे बैंड-बाजा, टेंट और कैटरिंग व्यवसाय में तेजी आने की उम्मीद है।