25 हजार का इनामी पटना का कुख्यात साधु यादव गिरफ्तार, एसटीएफ और पीरबहोर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर दबोचा

बिहार एसटीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने पीरबहोर थाना पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई करते हुए पटना के कुख्यात 25 हजार का इनामी साधू दबोचा को गिरफ्तार कर लिया है....

पटना का कुख्यात साधु यादव गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना जिला के पीरबहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी चौक नया गांव निवासी 26 वर्षीय कुख्यात और इनामी अपराधी साधु यादव (पिता- बृजनंदन राय) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। 


बिहार एसटीएफ और पीरबहोर थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी टीम ने मनेर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इस शातिर को दबोच लिया।


नया गांव में वर्चस्व कायम करने के लिए की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया गांव इलाके में वर्चस्व कायम करने की नीयत से कुछ अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। 


इस सनसनीखेज घटना के दौरान अपराधियों ने करीब 7 राउंड हवाई फायरिंग की थी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।


पहले भी एक आरोपी हुआ था गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास

इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर संलिप्त एक अन्य अपराधकर्मी शशि गोप को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अब गिरफ्तार इनामी साधु यादव का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और इस वारदात में शामिल अन्य फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


अनिल की रिपोर्ट