Patna Road Accident:आबकारी विभाग की टीम कर रही थी पीछा, पिकअप की बाइक से टक्कर,भीषण हादसा

Patna Road Accident:अहले सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ।...

रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Patna  Road Accident :पटना जिले के नौबतपुर में शनिवार की अहले सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। पिपलावां थाना क्षेत्र के मझनपुरा मोड़ के पास करीब 5:40 बजे मवेशियों से लदे एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों के पैर कटकर शरीर से अलग हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया।घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने रामपुर-दुल्हिनबाजार मुख्य सड़क को जाम कर दिया और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। सड़क जाम होने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

पटना से पालीगंज जा रहे थे पति-पत्नी

मिली जानकारी के अनुसार, खीरी मोड़ टोला बीघा निवासी मुंचुन कुमार (22) अपनी पत्नी ज्ञानती देवी (21) के साथ बाइक से पटना से पालीगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अरवल की तरफ से मवेशियों से लदा पिकअप वाहन संख्या BR01GR7287 मझनपुरा पुल के समीप पहुंचा।बताया जा रहा है कि आबकारी विभाग की टीम स्कॉर्पियो से इस पिकअप का पीछा कर रही थी। इसी दौरान पिकअप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत देखकर घटनास्थल पर मौजूद लोग सहम गए।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद पिपलावां और बिक्रम थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पटना एम्स रेफर कर दिया।

पिकअप और आबकारी विभाग की स्कॉर्पियो जब्त

घटनास्थल की जांच के दौरान पिकअप में मवेशी लदे मिले। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है। इसके साथ ही पिकअप का पीछा कर रही आबकारी विभाग की स्कॉर्पियो को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस संबंधित कर्मियों और वाहन चालक से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और घटनाक्रम में किनकी क्या भूमिका रही। फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

सड़क जाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

भीषण हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने रामपुर-दुल्हिनबाजार मुख्य सड़क पर विरोध प्रदर्शन करते हुए आवागमन रोक दिया। सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने और जाम समाप्त कराने की कोशिश शुरू की।पिपलावां थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल पति-पत्नी को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स भेजा गया है। पिकअप वाहन जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को समझाकर सड़क से जाम हटवाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

रिपोर्ट- सुमित कुमार