Patna Akansha Hostel: पटना में आकांक्षा छात्रावास हेतु ऑनलाइन आवेदन शुरू, कामकाजी महिलाओं के लिए बड़ी राहत!
Patna Akansha Hostel: महिलाओं के लिए आईएएस कॉलोनी (रूपसपुर) स्थित ‘आकांक्षा’ कामकाजी महिला छात्रावास में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।...
Patna Akansha Hostel: राजधानी पटना की कामकाजी महिलाओं के लिए एक अहम और सुकून भरी खबर सामने आई है। सुरक्षित और सम्मानजनक आवास की तलाश कर रहीं महिलाओं के लिए आईएएस कॉलोनी (रूपसपुर) स्थित ‘आकांक्षा’ कामकाजी महिला छात्रावास में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक महिलाएं महिला एवं बाल विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
miswcdc.bihar.gov.in/publicweb/wwh/LoginForwwh.aspx
यह छात्रावास 50 बेड की क्षमता वाला है और हाल ही में इसका उद्घाटन समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी द्वारा किया गया। ‘आकांक्षा’ छात्रावास में आवासन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होगी। केवल भोजन के लिए प्रति माह 3,000 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
आवास का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद काउंसलिंग प्रक्रिया के जरिए अंतिम चयन सुनिश्चित होगा। आवेदन स्वीकृत होने के बाद चयनित अभ्यर्थी को सात दिनों के भीतर निर्धारित बैंक खाते में भोजन शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। साथ ही, 30 दिनों के भीतर छात्रावास में प्रवेश लेना होगा, अन्यथा आवंटन स्वतः निरस्त किया जा सकता है।
आवश्यक दस्तावेज
आवेदन के समय निम्न दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा:
कार्यरत होने का प्रमाण-पत्र
पहचान पत्र
नियुक्ति पत्र
वेतन पर्ची (पे-स्लिप)
स्थानीय अभिभावक का पूरा विवरण
दिव्यांगता की स्थिति में संबंधित प्रमाण-पत्र
आवेदिका की अधिकतम मासिक आय 75,000 रुपये निर्धारित की गई है।
सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण वातावरण में आवास की यह सुविधा राजधानी की कामकाजी महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। ‘आकांक्षा’ छात्रावास न केवल रहने की जगह देगा, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास और सुरक्षा का एहसास भी कराएगा।