बिहार हॉस्टल एसोसिएशन ने किया पुरुषोत्तम मास में पीएमसीएच इमरजेंसी गेट पर भंडारे का आयोजन, जरूरतमंदों को कराया गया निःशुल्क भोजन

बिहार हॉस्टल एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि पीएमसीएच इमरजेंसी गेट पर प्रतिदिन जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

बिहार हॉस्टल एसोसिएशन - फोटो : news4nation

Bihar News : पटना में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए बिहार हॉस्टल एसोसिएशन के मंच पर भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन में गुंजन कश्यप एवं अभिषेक आर्यन ने अपनी नानी जी की शांति एवं उनके कष्टों से मुक्ति की कामना  कामना के साथ पीएमसीएच (पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) के इमरजेंसी गेट पर श्रद्धापूर्वक भंडारा कराया।  भंडारे के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों के परिजनों, जरूरतमंद लोगों और राहगीरों के बीच निःशुल्क भोजन का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।


बिहार हॉस्टल एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि पीएमसीएच इमरजेंसी गेट पर प्रतिदिन जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। संस्था लंबे समय से मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। अस्पताल में इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भोजन की सुविधा उपलब्ध कराना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।


इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में किए गए दान-पुण्य और सेवा कार्यों का विशेष महत्व माना जाता है। ऐसे आयोजनों से न केवल जरूरतमंदों को सहायता मिलती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।


भंडारे के सफल आयोजन में बिहार हॉस्टल एसोसिएशन के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा भाव और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला