पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पालीगंज में घर से दो राइफल व कट्टा बरामद, एक युवक गिरफ्तार

पटना जिले के पालीगंज के सिगोड़ी थाना क्षेत्र के नेरिया गांव में देर रात छापेमारी कर पुलिस ने 2 अवैध राइफल और 1 देसी कट्टा बरामद किया है।मौके से आरोपी धर्मेंद्र पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस हथियारों के स्रोत और नेटवर्क की जांच में जुटी है।

सिगोड़ी थाना (file Pic)- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल स्थित सीगोड़ी थाना क्षेत्र के नेरिया गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात बड़ी कार्रवाई की। सिगोड़ी थाना प्रभारी तनेश पायल के नेतृत्व में गई पुलिस टीम ने नेरिया गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान के घर पर छापेमारी की। इस दौरान आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही खदेड़कर धर दबोचा।


घर से दो राइफल और देसी कट्टा जब्त

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धर्मेंद्र पासवान अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए है और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। घर की गहन तलाशी के दौरान पुलिस ने दो अवैध राइफल और एक देसी कट्टा बरामद किया। पुलिस ने सभी हथियारों को तुरंत जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।


आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज और पुलिस का बयान

मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी तनेश पायल ने बताया कि गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने से दो राइफल और एक कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।


हथियारों के स्रोत और नेटवर्क की गहन जांच

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र पासवान से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु यह पता लगाना है कि ये हथियार कहां से खरीदे या लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस घटना को अंजाम देने के लिए होना था। इसके अलावा पुलिस आरोपी के संभावित आपराधिक इतिहास और किसी बड़े आपराधिक गिरोह से उसके संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।

पटना से ऋषिकेश की रिपोर्ट