दानापुर रेलवे स्टेशन पर मचा हड़कंप, पुणे-दानापुर एक्सप्रेस के महिला कोच में लटकी मिली युवक की लाश
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 01449 पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन महाराष्ट्र के पुणे से दानापुर तक चलती है और लंबी दूरी तय करती है। इसमें एक युवक का शव मिला है.
Pune-Danapur Express : राजधानी पटना के दानापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी पुणे-दानापुर 01449 स्पेशल ट्रेन की महिला बोगी से एक युवक का शव बरामद किया गया। युवक की लाश बेल्ट के सहारे लटकी हुई मिली, जिसके बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन के दानापुर पहुंचने के बाद आरपीएफ और सफाईकर्मियों की नजर महिला कोच के अंदर लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (GRP) और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस युवक के पास से मिले सामान और ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 01449 पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन महाराष्ट्र के पुणे से दानापुर तक चलती है और लंबी दूरी तय करती है। यह ट्रेन रोजाना करीब 35 घंटे की यात्रा कर दानापुर पहुंचती है।
फिलहाल GRP पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ट्रेन में कब और कैसे महिला कोच तक पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। यात्रियों का कहना है कि इतनी लंबी दूरी की ट्रेनों में नियमित निगरानी और सुरक्षा जांच की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
अनिल की रिपोर्ट