जेठूली हत्याकांड का मुख्य आरोपी 50 हजार का इनामी पप्पू राय गिरफ्तार, पार्किंग विवाद में हुई थी चार की हत्या

Bihar Crime : पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बहुचर्चित जेठूली हत्याकांड के मुख्य और फरार आरोपी पप्पू राय को गिरफ्तार कर लिया है। पप्पू राय को पुलिस पिछले तीन सालों से तलाश कर रही थी...

जेठूली हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना के बहुचर्चित जेठूली हत्याकांड के मुख्य और फरार आरोपी पप्पू राय को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है। पप्पू राय की गिरफ्तारी पटना के बेउर इलाके से की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जाल बिछाया था, जिस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि विशिष्ट आसूचना इकाई की मदद से पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली है।


यह मामला साल 2023 का है, जब पटना के नदी थाना क्षेत्र के जेठूली गांव में पार्किंग को लेकर उपजे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया था। इस विवाद के दौरान उमेश राय और उनके परिजनों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसमें चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पप्पू राय इस सामूहिक हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।


जेठूली हत्याकांड के बाद इलाके में भारी जनाक्रोश देखने को मिला था। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी उमेश राय के घर और उनके करोड़ों की लागत से बने कम्युनिटी हॉल को आग के हवाले कर दिया था। उस वक्त हिंसा इतनी बढ़ गई थी कि पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी। आगजनी की इस घटना में करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई थी और पूरे इलाके में कई दिनों तक तनाव बना रहा था।


पुलिस प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई तेज करते हुए एक अन्य आरोपी को भी वासतर से गिरफ्तार किया है। पप्पू राय की गिरफ्तारी के लिए गठित छापेमारी दल में नदी थाना के थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के साथ दरोगा विवेक कुमार, देवकर्ण बंटी, सुमन कुमार, अनिरुद्ध कुमार और शरद कुमार जैसे तेजतर्रार अधिकारी शामिल थे। पुलिस की टीम लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पप्पू राय के ठिकानों पर नजर रख रही थी। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पप्पू राय से पूछताछ कर रही है ताकि कांड से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें। 


ग्रामीण एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पप्पू राय की गिरफ्तारी जेठूली के पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में है।


रजनीश की रिपोर्ट