Patna News: पटना में 15 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, 50 कार्टन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Patna News: पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 कार्टन प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया। करीब 15 लाख रुपये की खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
Patna News: पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के धनुकी मोड़ में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप जब्त की है। यह कार्रवाई ईआईबी (EIB) मुख्यालय की टीम से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 50 कार्टन कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया। कोडीन युक्त कफ सिरप का इस्तेमाल नशे के लिए भी किया जाता है, इसलिए इसकी अवैध बिक्री और तस्करी पर रोक लगाई गई है।
कार्रवाई के दौरान मौके से संजय जमादार नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। वह टेंपो चालक है और उसी के जरिए इस प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप ले जाई जा रही थी। अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के अनुसार, जब्त किए गए प्रतिबंधित कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। विभाग अब इस पूरे मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट