Bakhtiyarpur Crime News:प्रेम प्रसंग में 21 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या,बचाने आई मां पर भी कातिलाना हमला

पटना के बख्तियारपुर (अंबेडकर नगर) में प्रेम प्रसंग के विवाद में 21 वर्षीय युवक ज्ञानदीप कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बेटे को बचाने आई मां पर भी कातिलाना हमला हुआ, जिन्हें गंभीर हालत में PMCH रेफर किया गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

:प्रेम प्रसंग में 21 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या- फोटो : Reporter

पटना जिले के बख्तियारपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के विवाद में 21 वर्षीय युवक ज्ञानदीप कुमार की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। यह दर्दनाक घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर, वार्ड नंबर 6 की है। वारदात के बाद से पूरे इलाके में मातम और भारी तनाव का माहौल व्याप्त है।


लड़की के पिता और भाइयों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमले का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक ज्ञानदीप का एक स्थानीय लड़की के साथ प्रेम संबंध चल रहा था, जिसे लेकर लड़की के परिवार वाले नाराज चल रहे थे। आरोप है कि इसी रंजिश में लड़की के पिता और उसके दो भाइयों ने मिलकर ज्ञानदीप को घेर लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


बेटे को बचाने आई मां पर भी कातिलाना हमला, PMCH रेफर

इस खूनी वारदात के दौरान जब ज्ञानदीप की मां अपने बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो बेखौफ आरोपियों ने उन पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना के PMCH रेफर कर दिया है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज

घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, इकलौते बेटे की मौत के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।