बिक्रम में चोरों का तांडव: बंद घर का ताला तोड़ लाखों के जेवरात और 2.5 लाख कैश उड़ाए, पुलिस गश्त पर उठे सवाल!

पटना जिले के बिक्रम में चोरों के हौसले बुलंद हैं! बंगलापर में एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने 2.50 लाख नकद और लाखों के आभूषण समेत लगभग 8 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

बिक्रम में लगातार चोरी से लोगों में दहशत,बंद घर का ताला तोड़ लाखों के जेवरात और 2.5 लाख कैश उड़ाए- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-7 (बंगलापर) में चोरों ने बेखौफ होकर एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार की रात बंगलापर निवासी बंटी कुमार का परिवार किसी काम से पटना गया हुआ था और घर पूरी तरह बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कमरों में रखे गोदरेज व लॉकर को निशाना बनाते हुए पूरे घर को खंगाल डाला। बिक्रम थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने चोरी की इस गंभीर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। 


लाखों के जेवरात और ढाई लाख नकद पार

शुक्रवार की सुबह जब पीड़ित परिवार पटना से वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण, चांदी के सिक्के और करीब 2.50 लाख रुपये नकद चुरा लिए थे। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने कुल मिलाकर लगभग 7 से 8 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया है। घटना के बाद पीड़ित ने बिक्रम थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

इलाके में लगातार हो रही चोरियों से दहशत

बिक्रम थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते कुछ ही महीनों के भीतर दतियाना, गोरखरी, हरपुरा और दानारा जैसे इलाकों में भी भीषण चोरी की बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और पूरे इलाके में भय व दहशत का माहौल बना हुआ है।


पुलिसिया गश्त पर सवाल, अब तक खाली हाथ

इन बैक-टू-बैक चोरी की घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है, जिससे बेखौफ अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुरानी चोरियों में भी पुलिस के हाथ खाली रहने से नाराज लोगों ने शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। वाही पुलिस का दावा है की मामले के जल्द उद्भेदन के लिए पुलिस तकनीकी सहायता और वैज्ञानिक अनुसंधान (Scientific Investigation) का सहारा ले रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गुप्तचरों को भी सक्रिय कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट