Bihar Politics: पटना में सियासी काउंटडाउन शुरु! नीतीश का राज्यसभा कूच तय! अमित शाह की मौजूदगी में नामांकन आज होगा 1:30 से 2 बजे के बीच

Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा अब लगभग तय मानी जा रही है।....

नीतीश करेंगे नामांकन 1:30 से 2 बजे के बीच!- फोटो : social Media

Bihar Politics: बिहार की सियासत निर्णायक मोड़ पर खड़ी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा अब लगभग तय मानी जा रही है। खबर है कि वे आज विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस एक सूचना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल और बेचैनी दोनों बढ़ा दी है।

कयासों का बाजार गर्म है कि नीतीश कुमार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस मौके को राष्ट्रीय रंग देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पटना आगमन हो रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि अमित शाह दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेंगे और 1:30 से 2 बजे के बीच नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी।

उधर, प्रशासनिक हलकों में भी सरगर्मी तेज है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा स्वयं मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं। सीएम हाउस के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

भावनात्मक दृश्य भी सामने आए। जदयू नेता राजीव मुख्यमंत्री आवास के बाहर फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता रो रही है। किसी ने होली नहीं मनाई। हमने 2030 तक के लिए नीतीश जी के नाम पर वोट मांगा था। हमसे किसी ने पूछा तक नहीं। अगर नीतीश नहीं रहेंगे तो हम क्या करेंगे?”

इस बीच बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि कुछ ही घंटों का सवाल है, सब साफ हो जाएगा।”

अब सवाल यह है क्या यह एक युग का अवसान है या नई राजनीतिक पटकथा की शुरुआत? पटना से दिल्ली तक सियासी नब्ज़ तेज़ी से धड़क रही है, और कुछ ही घंटों में तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।