Patna Crime: फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय गिरफ्तार, 105 पुड़िया स्मैक और बाइक जब्त

Patna Crime: पटना के नौबतपुर में वाहन जांच के दौरान फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय अमन कुमार गिरफ्तार। पुलिस ने 105 पुड़िया स्मैक, 2,200 रुपये और बाइक जब्त की।

Patna Crime: पटना जिले के नौबतपुर में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय को कथित तौर पर स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक के डिलीवरी बैग से 105 पुड़िया स्मैक और 2,200 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली है।


वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया युवक


जानकारी के अनुसार, गोनवां ओपी प्रभारी मंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम कर्णपुरा के पास वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक से जा रहे एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके फ्लिपकार्ट डिलीवरी बैग से 105 पुड़िया स्मैक मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


करीब 20 ग्राम स्मैक बरामद


गिरफ्तार युवक की पहचान अजवां निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। वह फ्लिपकार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक का कुल वजन करीब 20 ग्राम है। इसकी कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने स्मैक के साथ 2,200 रुपये नकद और बाइक भी जब्त की है।


स्मैक कहां से आई, इसकी जांच जारी


गोनवां ओपी प्रभारी मंजीत कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।

नौबतपुर से सुमित की रिपोर्ट