आधार सुधार के नाम पर मनमानी वसूली और साइबर ठगी, ललित भवन से आरोपी दबोचा गया; लैपटॉप व उपकरण जब्त

पटना साइबर थाना पुलिस ने ललित भवन परिसर से चितरंजन कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया है। आरोपी निलंबित ऑपरेटर की लॉगिन आईडी-पासवर्ड से आधार अपडेट के नाम पर अवैध वसूली और साइबर ठगी करता था।

पटना के ललित भवन से साइबर ठग गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना साइबर थाना पुलिस ने आधार कार्ड में सुधार और अपडेट कराने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली व साइबर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान झारखंड के रांची स्थित अपर बाजार निवासी चितरंजन कुमार पांडेय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे ललित भवन परिसर से दबोचा है और उसके पास से लैपटॉप, सॉफ्टवेयर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।


आधार सुधार का झांसा देकर मनमानी रकम वसूली की शिकायत

पुलिस के मुताबिक, ललित भवन परिसर में आधार अपडेट कराने के बहाने लोगों से मनमानी रकम वसूलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोपी लोगों को आधार कार्ड की त्रुटियों को ठीक करने और विवरण अपडेट करने का झांसा देकर पैसे ऐंठता था, जिसकी आड़ में वह साइबर ठगी की वारदातों को भी अंजाम दे रहा था।


निलंबित ऑपरेटर की लॉगिन आईडी-पासवर्ड से चला रहा था फर्जीवाड़ा

साइबर थाना प्रभारी संगीता कुमारी के निर्देश पर प्राप्त सूचना का सत्यापन किया गया, जिसके बाद इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी एक निलंबित ऑपरेटर की लॉगिन आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर आधार अपडेट से जुड़ी अवैध गतिविधियां संचालित कर रहा था।


लैपटॉप और लॉगिन विवरण जब्त, नेटवर्क की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित लॉगिन आईडी व पासवर्ड, सॉफ्टवेयर, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त कर लिए हैं। जांच में इस फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता के भी संकेत मिले हैं, जिसके आधार पर पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है।


पीड़ितों और ठगी की रकम का लगाया जा रहा पता

जब्त किए गए लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच के जरिए ठगी के शिकार लोगों और अवैध वसूली की कुल रकम का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट