Patna crime: पटना के दानापुर में कांस्टेबल ने बहन पर चलाई गोली, फिर खुद को बनाया निशाना; दोनों की मौत
Patna crime: पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज मिथिला कॉलोनी में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मोतिहारी जिला बल का कांस्टेबल भी शामिल है। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी है।
Patna crime: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज मिथिला कॉलोनी में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसपी समेत कई थानों की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की तैनाती की गई है। मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मृतकों में पुलिस कांस्टेबल भी शामिल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान मोतिहारी जिला बल में तैनात कांस्टेबल के रूप में हुई है। पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल ने पहले अपनी बहन को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। हालांकि, गोली चलने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा एफएसएल जांच के बाद घटना से जुड़े कई सवालों पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
मृतक की हुई पहचान
मृतक सिपाही की पहचान ओम चन्द्रा के तौर पर हुई है। जो मूल रूप से भागलपुर नवगछिया का रहने वाला था। वही मृतक महिला की पहचान गायत्री देवी के तौर पर हुई है। इस मामले में एक राजनीतिक दल के जिला महामंत्री ब्रजेश सिंह से पुलिस पूछताछ कर रही है।
घटनास्थल पर जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और गोली चलने की पूरी घटना किस तरह हुई। फिलहाल पुलिस की ओर से घटना के कारण को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही मौत की परिस्थितियों और घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पटना से कुलदीप की रिपोर्ट