पटना हादसा: डायल 112 की गाड़ी को हाईवा ने मारी जोरदार टक्कर, जिंदा जलने से तीन जवान बचे; रैलिंग से टकराकर ट्रक बना आग का गोला
पटना के धनरूआ में एक अनियंत्रित हाईवा ने डायल 112 की पुलिस वैन को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में वैन में सवार एएसआई और महिला कांस्टेबल समेत तीन जवान बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद भाग रहा हाईवा रैलिंग से टकराकर जलकर राख हो गया।
Patna - धनरूआ थाना क्षेत्र के भखरी पुल के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाईवा ने डायल 112 की पुलिस वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी उछलकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद भागने की कोशिश कर रहा हाईवा कुछ दूरी पर रैलिंग से टकरा गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई और वह धू-धू कर जल उठा।
बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
हादसे के वक्त डायल 112 की गाड़ी में एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी, महिला कांस्टेबल मुन्नी कुमारी और चालक दिलीप कुमार सवार थे। गनीमत रही कि इस खतरनाक टक्कर के बावजूद तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। हालांकि, तीनों को हल्की चोटें आई हैं। चालक दिलीप कुमार ने बताया कि अगर टक्कर पीछे के बजाय सामने से होती, तो गाड़ी पलट सकती थी और बड़ी जनहानि हो सकती थी।
छेड़खानी की शिकायत पर जा रही थी टीम
घटना के वक्त पुलिस की यह टीम ड्यूटी पर तैनात थी। महिला कांस्टेबल मोहिनी कुमारी ने बताया कि उन्हें धनरूआ थाना क्षेत्र के एक गांव से छेड़खानी की सूचना मिली थी। इसी मामले की छानबीन और कार्रवाई के लिए टीम मौके पर जा रही थी, तभी भखरी पुल के पास पीछे से आ रहे काल बने हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
हाईवा की टक्कर रैलिंग से इतनी जोरदार थी कि उसमें अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हाईवा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। इस घटना के कारण सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही और यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस जांच और क्लीनर गिरफ्तार
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हाईवा के क्लीनर पंकज कुमार को हिरासत में ले लिया है, जो जहानाबाद का रहने वाला है। हालांकि, हाईवा का चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। एएसआई असलम कुरैशी ने बताया कि पुलिस वाहन को काफी नुकसान पहुँचा है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हाईवा के मालिक का पता लगाया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।