Bihar News : जबलपुर क्रूज हादसे के बाद एक्शन मोड में पटना जिला प्रशासन, डीएम ने ओवरलोडिंग और अवैध नाव संचालन के खिलाफ कार्रवाई का दिया निर्देश
PATNA : जबलपुर में क्रूज हादसे के बाद पटना जिला प्रशासन एक्शन मोड में हैं। नदियों में नावों के सुरक्षित संचालन को लेकर जिला प्रशासन सख्त निर्देश दिए हैं। ज़िलाधिकारी, पटना ने नावों के तय मानकों का उल्लंघन कर परिचालन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज़िलाधिकारी ने संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि ओवरलोडिंग या अवैध रूप से नाव संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारियों को नावों के निबंधन से जुड़ी सभी शर्तों का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, नावों के संचालन के लिए निबंधन अनिवार्य है। निबंधन के दौरान कैरियिंग कैपेसिटी, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक मानकों की जांच मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) द्वारा की जाती है। इन मापदंडों का उल्लंघन करने वाले नाव स्वामियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नाव से यात्रा करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें, क्षमता से अधिक सवारी न करें तथा लाइफ जैकेट का उपयोग अवश्य करें। साथ ही अंचल अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं पर्यवेक्षण के निर्देश दिए गए हैं।