Patna Diwali safety: पटना दिवाली-छठ पर सुरक्षा के खास इंतजाम, 48 जगहों पर दमकल वाहन और 10 वाटर मिस्ट बुलेट तैनात

Patna Diwali safety: दीपावली और छठ पूजा पर पटना में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। 48 जगहों पर दमकल वाहन, 10 वाटर मिस्ट बुलेट और विशेष अग्निशमन टीमें तैनात रहेंगी।

Patna Diwali safety: पटना में दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और साफ-सफाई की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम शहर में कचरा उठाने के लिए दो शिफ्टों में वाहन चलाएगा। वहीं, आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। राजधानी के 48 रणनीतिक स्थानों पर दमकल वाहन तैनात रहेंगे।


तंग गलियों में तैनात होंगी वाटर मिस्ट बुलेट


अग्निशमन अधिकारी अभिषेक के अनुसार, पटना सिटी, कंकड़बाग और मंदिरी समेत शहर की संकरी गलियों में 10 स्पेशलाइज्ड वाटर मिस्ट बुलेट तैनात की जाएंगी। इनकी मदद से ऐसी जगहों पर भी आग बुझाने में आसानी होगी, जहां बड़े दमकल वाहनों को पहुंचने में परेशानी होती है। इसके अलावा राजधानी के छह शहरी अग्निशमन केंद्रों पर विशेष टीमों की तैनाती की जा रही है। बड़े अग्निकांड से निपटने के लिए 4,000 लीटर क्षमता का वाटर टेंडर और 12,000 लीटर क्षमता का वाटर बाउजर भी उपलब्ध कराया गया है।


पटना में 9 अग्निशमन केंद्र तैयार


राजधानी में आग लगने की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई के लिए कुल 9 अग्निशमन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें छह शहरी क्षेत्र में हैं। ये लोदीपुर, पटना सिटी, कंकड़बाग, दानापुर, एयरपोर्ट और सचिवालय में स्थित हैं। इसके अलावा पालीगंज, मसौढ़ी और बाढ़ अनुमंडल में भी हाईटेक अग्निशमन केंद्र स्थापित किए गए हैं। आग पर काबू पाने और ऊंची इमारतों में बचाव कार्य के लिए 52 मीटर का हाइड्रोलिक लैडर भी उपलब्ध रहेगा।


48 जगहों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे दमकल वाहन


अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, दीपावली के दौरान पटना के 48 रणनीतिक स्थानों पर दमकल वाहनों की तैनाती की गई है। बहादुरपुर थाना, सुल्तानगंज, गायघाट, दिनकर गोलंबर, डाक बंगला, सगुना मोड़, रामजानकी मंदिर, गोलापर और IGIMS समेत कई जगहों पर 24 घंटे वाहन मौजूद रहेंगे। घनी आबादी वाले इलाकों, झुग्गी-झोपड़ियों, लकड़ी के टालों और पटाखों के बाजारों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन जगहों पर अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल भी कराई जा रही है।


अग्निशमन कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण


अधिकारी अभिषेक ने बताया कि सभी अग्निशमन अधिकारियों और कर्मियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। फायर स्टेशन ऑफिसर चार दिनों तक मैदान में रहकर विशेष अभियान चला रहे हैं। लोगों को पर्चों के जरिए आग से बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


आग लगने पर इन नंबरों पर करें कॉल


आपात स्थिति में अग्निशमन विभाग से मदद लेने के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: 7485805821, 9031841732, 101 और 112।