पटना में सनसनी: लापता मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की दर्दनाक मौत, बधार में मिला शव

पटना जिले के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के सोनियावां पंचायत बधार में पेड़ से टंगा मिला 40 वर्षीय युवक का शव। 2 दिन से घर से लापता था मानसिक रूप से विक्षिप्त नीरज मांझी। मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी।

लापता मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की दर्दनाक मौत, बधार में मिला शव- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। सोनियावां पंचायत के नरवन डुमरी स्थित बधार में शनिवार को एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक का शव पेड़ से टंगा हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सब्जपुरा गांव निवासी 40 वर्षीय नीरज मांझी (पिता - वीर मांझी) के रूप में की गई है।


दो दिन से लापता था युवक, परिजनों में मचा कोहराम

मृतक के पिता वीर मांझी ने बताया कि उनका पुत्र काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर बिना बताए घर से निकल जाता था। दो दिन पहले भी वह अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद परिजन उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे। शनिवार सुबह पुलिस के जरिए उन्हें सोनियावां बधार में शव मिलने की सूचना मिली। पिता के अनुसार, नीरज पहले भी कई बार जान देने का प्रयास कर चुका था, जिसके लिए उसका डॉक्टरी इलाज भी कराया जा रहा था।

पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा और दुल्हिनबाजार थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया है। फिलहाल मृतक के परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर हत्या या विवाद का आरोप नहीं लगाया है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जिन्होंने युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने और इलाज चलने की बात कही है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा।

पालीगंज  से ऋषिकेश की रिपोर्ट