Patna Traffic Plan: पटना में दशहरा में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले जान लें पूरा रूट प्लान
Patna Traffic Plan: दुर्गापूजा और दशहरा-2026 के दौरान राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं।...
Patna Traffic Plan: दुर्गापूजा और दशहरा-2026 के दौरान राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। पूजा-पंडालों में उमड़ने वाली भीड़, श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही और सड़कों पर जाम की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक का नया प्लान लागू किया गया है। 17 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक या यातायात सामान्य होने तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी या उनके रूट में बदलाव किया जाएगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी नहीं ली, तो जाम में फंसकर आपकी परेशानी बढ़ सकती है।
बेली रोड से एयरपोर्ट तक बदलेगा रास्ता, ट्रैफिक पुलिस अलर्ट
सगुना मोड़ से पटना एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को रुकनपुरा, राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे, जगदेव पथ और बीएमपी होकर गुजरना होगा। वहीं, हड़ताली मोड़ और आयकर गोलंबर जाने वाले वाहन रुकनपुरा से राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से जा सकेंगे।दीघा, राजीव नगर और पाटलिपुत्र जाने वालों के लिए आशियाना मोड़ से आशियाना-दीघा रोड का विकल्प रहेगा। वाहन राजीव नगर नाला किनारे की सड़क, केशरी नगर और राजीव नगर आरओबी के नीचे से अटल पथ पहुंच सकेंगे। दूसरे विकल्प के तौर पर रामनगरी मोड़, फ्रेंड्स कॉलोनी रोड, एजी कॉलोनी रोड और आईजीआईएमएस के बगल से जेडी विमेंस कॉलेज होते हुए बेली रोड पहुंचा जा सकता है।
राजीव नगर और दीघा से सगुना मोड़ जाने वाले वाहन पासपोर्ट ऑफिस से मौर्या पथ, अंबेडकर पथ और बेली रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। एयरपोर्ट जाने वालों के लिए राजीव नगर नाला, केशरी नगर और अटल पथ वाला मार्ग निर्धारित किया गया है।
भारी वाहनों पर शिकंजा, निर्माण कार्य वाली गाड़ियों पर भी रोक
17 से 20 अक्टूबर तक पटना नगर निगम क्षेत्र में बस, ट्रक, ट्रैक्टर, टाटा-407 समेत मालवाहक और यात्री वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। यह पाबंदी सरकारी, गैरसरकारी, अर्धसरकारी और निजी वाहनों पर भी लागू होगी। इसके अलावा, 15 से 21 अक्टूबर तक मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी।
दानापुर से अशोक राजपथ जाने वाले भारी वाहन इस मार्ग में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। उन्हें दानापुर कैंट से सगुना मोड़ होते हुए खगौल-दानापुर स्टेशन की ओर जाना होगा। दानापुर स्टेशन से बिहटा और आरा जाने वाले भारी वाहन नेउरा के रास्ते गुजर सकेंगे।
इन जगहों पर मिलेगी पार्किंग, नो-पार्किंग से बचें
फ्रेजर रोड पर डॉ. सीपी ठाकुर के आवास से स्वामीनंदन तिराहा तक और आकाशवाणी से जेपी गोलंबर तक दोनों तरफ पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वीरचंद पटेल पथ की सर्विस लेन, जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक चौराहे तक एक तरफ तथा पटना साइंस कॉलेज और पटना कॉलेज के मैदान में भी वाहन खड़े किए जा सकेंगे। सिन्हा लाइब्रेरी मोड़ से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति जाने वाली सड़क पर केवल दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी।
पटना सिटी में सिटी स्कूल, चौक, मंगल तालाब के आसपास और पटना साहिब रेलवे स्टेशन के सामने छोटी गाड़ियों तथा दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है।
एंबुलेंस को राहत, आम वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील
यातायात प्रतिबंधों से एंबुलेंस, आपातकालीन वाहन, शव वाहन और पासधारक वाहनों को छूट दी गई है। आम वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। अंतिम समय में रूट प्लान में बदलाव संभव है, इसलिए निकलने से पहले प्रशासन की ताजा सूचना जरूर जांच लें।
हीरेश कुमार