Patna Fake Bisleri water: पटना में नकली बिसलेरी पानी पर बड़ी कार्रवाई, हजारों बोतलें जब्त कर नष्ट की गईं
Patna Fake Bisleri water: पटना में खाद्य संरक्षा विभाग ने नकली बिसलेरी पानी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हजारों बोतलें जब्त कर नष्ट कीं। एस. हाइड्रेला का खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया।
Patna Fake Bisleri water: बिहार में लोगों को सुरक्षित और साफ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना में विशेष अभियान चलाया। विभाग की टीम ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बनाने, रखने और बेचने वाले चार प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान नकली बिसलेरी के नाम पर बेचे जा रहे पानी सहित अलग-अलग ब्रांडों की बड़ी खेप पकड़ी गई। हजारों बोतलों को जब्त कर नष्ट किया गया। गंभीर गड़बड़ियां मिलने पर एक प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।
एस. हाइड्रेला में मिला डुप्लीकेट बिसलेरी पानी
खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने मनोहरपुर, कचुआरा स्थित एस. हाइड्रेला का निरीक्षण किया। यहां बिसलेरी के नाम से डुप्लीकेट पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पाया गया। टीम ने 1 लीटर की 1,500 बोतलें और 500 मिलीलीटर की 900 बोतलें जब्त कर नष्ट कर दीं। इस तरह कुल 2,400 लीटर पानी पर कार्रवाई की गई।
जांच में बोतलों के लेबल पर भी गड़बड़ी मिली। उत्पाद पर लिखा पता किसी दूसरे प्रतिष्ठान का था और लाइसेंस नंबर भी दूसरी फर्म के नाम पर दर्ज था। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई की कमी, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं होना और उत्पादन क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए तय यूनिफॉर्म की व्यवस्था नहीं होना जैसी कमियां पाई गईं। इन गड़बड़ियों को देखते हुए विभाग ने एस. हाइड्रेला का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया। जांच के लिए यहां से पानी का नमूना भी लिया गया।
मां एंटरप्राइजेज से 15,168 बोतलें जब्त
विभाग की टीम ने बड़ी पहाड़ी स्थित मां एंटरप्राइजेज में भी जांच की। यहां बिसलेरी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बड़ी खेप मिली। टीम ने 1 लीटर की 4,800 बोतलें और 500 मिलीलीटर की 10,368 बोतलें जब्त कर नष्ट कीं। इस तरह कुल 15,168 बोतलों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा, जांच के लिए 1 लीटर की 905 बोतलें और 500 मिलीलीटर की 9,216 बोतलों के नमूने भी लिए गए। विभाग की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रतिष्ठान में रखे पानी की गुणवत्ता और अन्य जरूरी मानकों की जांच की जा रही है।
चार प्रतिष्ठानों की हुई जांच
खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना के चार प्रतिष्ठानों में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के उत्पादन, भंडारण और बिक्री की जांच की। इस दौरान अलग-अलग ब्रांडों के पानी की खेप जब्त की गई और कुछ जगहों से नमूने भी लिए गए। विभाग ने कहा कि जहां गंभीर अनियमितताएं मिली हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य बाजार में बिक रहे पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को गलत लेबल या नियमों के विरुद्ध तैयार किया गया पानी न बेचा जा सके।