Patna Gandhi Maidan Bank Theft Case:पटना एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, बेगूसराय में छापेमारी कर लाखों की नकदी बरामद

एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बेगूसराय के बैरिया गांव में आरोपी विशाल कुमार के घर से चोरी किए गए 25 लाख 46 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। हालांकि आरोपी पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

गांधी मैदान SBI बैंक से 28.52 लाख चोरी मामले में सफलता, STF ने बेगूसराय से 25.46 लाख रुपये किए जब्त - फोटो : Reporter

पटना के गांधी मैदान स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में बीते 30 सितंबर को चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई थी। नालंदा जिले के चंडी (ध्रुव पकड़ी) निवासी और वर्तमान में राजीव नगर में कार्यरत अमित कुमार बैंक में 28 लाख 52 हजार 210 रुपये जमा कराने गए थे। इसी दौरान अज्ञात शातिर बदमाशों ने चालाकी से उनके बैग से पूरी रकम पार कर दी। पीड़िता की शिकायत पर गांधी मैदान थाने में कांड संख्या 570/26 दर्ज कर पुलिस और एसटीएफ (STF) ने मामले की जांच शुरू की।


STF और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त छापेमारी

मामले की तकनीकी जांच के दौरान एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि चोरी किए गए रुपयों की बड़ी खेप बेगूसराय के बैरिया गांव निवासी विशाल कुमार के पास छिपाई गई है। सूचना की पुष्टि होते ही एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल के घर पर अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस दबिश से इलाके में हड़कंप मच गया।


आरोपी के घर से 25 लाख 46 हजार रुपये बरामद

विशाल के घर की गहन तलाशी लेने पर पुलिस टीम को घर के भीतर छिपाकर रखे गए चोरी के 25 लाख 46 हजार रुपये बरामद करने में सफलता मिली। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से ठीक पहले ही मुख्य आरोपी विशाल कुमार मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने बरामद रकम को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।


आरोपी विशाल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी

रकम बरामद होने के बाद अब पुलिस और एसटीएफ की टीम फरार आरोपी विशाल कुमार को दबोचने में जुट गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बेगूसराय, पटना और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा और मामले के बाकी बचे रुपयों को भी जल्द बरामद कर लिया जाएगा।

पटना से अनिल की रिपोर्ट