Patna Ganga Cruise: पटना में गंगा क्रूज फिर होगा शुरू, 50 लाख के खर्च के बाद मार्च के पहले सप्ताह से चलेगा रो-पैक्स क्रूज

Patna Ganga Cruise: पटना में गंगा नदी पर चलने वाला रो-पैक्स क्रूज मार्च के पहले सप्ताह से फिर शुरू होगा। मरम्मत के बाद यह क्रूज पर्यटकों को गंगा की सैर कराएगा।

पटना में गंगा क्रूज की दोबारा शुरुआत!- फोटो : social media

पटना में गंगा नदी पर पर्यटन को बढ़ावा देने वाला रो-पैक्स क्रूज एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित यह क्रूज मार्च के पहले सप्ताह से यात्रियों के लिए उपलब्ध होगा। फिलहाल यह क्रूज कोलकाता के ड्राइ डॉक सेंटर में मरम्मत के लिए भेजा गया था।

करीब पांच महीने तक चली मरम्मत और जांच प्रक्रिया पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। सभी तकनीकी और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद क्रूज को पटना के लिए रवाना किया जाएगा। उम्मीद है कि यह फरवरी के अंत तक दीघा घाट पहुंच जाएगा।

ड्राइ डॉक से लौट रहा क्रूज, सुरक्षा पर खास ध्यान

पर्यटन निगम के अधिकारियों के अनुसार, हर पांच साल में किसी भी जलयान की ड्राइ डॉकिंग जरूरी होती है। इसका उद्देश्य क्रूज की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है। इस दौरान इंजन, नेविगेशन सिस्टम और पूरे ढांचे की गहन जांच की गई है। मरम्मत के बाद क्रूज अब पूरी तरह सुरक्षित और संचालन के लिए तैयार है। इस क्रूज का नाम एमवी स्वामी परमहंस है। इसे केंद्र सरकार ने बिहार सरकार को पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपहार में दिया था। 22 अगस्त 2023 को पर्यटन विभाग और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के बीच समझौते के बाद पटना में रिवर क्रूज सेवा की शुरुआत हुई थी।

दीघा घाट से जेपी सेतु तक का सफर

करीब 300 यात्रियों की क्षमता वाला यह क्रूज दीघा घाट से चलकर मीनार घाट सहित पटना के प्रमुख घाटों का भ्रमण करता है। इसके बाद यह जेपी सेतु पार कर वापस दीघा घाट लौट आता है। क्रूज की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहती है और पूरी यात्रा लगभग 45 मिनट की होती है।इस दौरान यात्रियों को गंगा नदी से पटना के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नजारे देखने का मौका मिलता है।

किराया और बुकिंग की सुविधा

आम यात्रियों के लिए 45 मिनट की यात्रा का किराया 250 रुपये रखा गया है। वहीं निजी कार्यक्रमों के लिए पैकेज बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

1 घंटे का पैकेज: 30,000 रुपये

8 घंटे का पैकेज: 1.50 लाख रुपये

पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि क्रूज के दोबारा शुरू होने से पटना में पर्यटन गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी और गंगा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।