Patna Crime News: गौरीचक में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, 1 आरोपी की मौत, पुलिस जांच में जुटी
पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में बदमाशों ने सुरेश सिंह नामक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वारदात के बाद भाग रहे दो हमलावरों को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पीट दिया। इलाज के दौरान एक आरोपी सूरज कुमार की पीएमसीएच में मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है।
पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीचक गांव में मंगलवार रात जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। बेखौफ बदमाशों ने स्थानीय निवासी सुरेश सिंह उर्फ मास्टर को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि हमलावर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके और सुरेश सिंह इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए।
भाग रहे हमलावरों को ग्रामीणों ने घेरा, जमकर की पिटाई
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन हमलावरों को स्थानीय ग्रामीणों ने खदेड़ कर घेर लिया। इस दौरान दो आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। गुस्साए ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान एक आरोपी की मौत, दूसरा पीएमसीएच में भर्ती
घटना की जानकारी मिलते ही गौरीचक और परसा बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र भीड़ के बीच से दोनों घायलों (विवेक कुमार और सूरज कुमार) को बचाकर तुरंत पीएमसीएच (PMCH) अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान आरोपी सूरज कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरे आरोपी विवेक कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस को मिली चोरी की बाइक, कारतूस और खोखा बरामद
मामले की जांच करते हुए पटना सदर के पुलिस अनुमंडल अधिकारी-2 (SDPO-2) रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस, एक इस्तेमाल किया गया खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। छानबीन में यह बात सामने आई है कि बरामद बाइक फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए, इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटनास्थल की गहन जांच के लिए एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए लक्ष्मीचक में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट