खराब मौसम में फंसी पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, दो घंटे तक पटना साहिब में रुकी रही ट्रेन, कई ट्रेनें प्रभावित

पटना सहित बिहार के कई जिलों में शुक्रवार सुबह आई आफत की आंधी बारिश ने ट्रेनों के परिचालन को भी प्रभावित किया जिससे पटना हावड़ा वंदे भारत करीब दो घंटे तक एक ही स्टेशन पर लगी रही.

Patna-Howrah Vande Bharat Express- फोटो : news4nation

Vande Bharat Express : पटना में शुक्रवार सुबह आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। खराब मौसम का असर सड़क यातायात के साथ-साथ रेल परिचालन पर भी देखने को मिला। पटना-हावड़ा मेन लाइन पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी क्रम में पटना से हावड़ा जाने वाली 22348 वंदे भारत एक्सप्रेस भी तकनीकी बाधा के कारण करीब दो घंटे तक पटना साहिब स्टेशन पर खड़ी रही। जानकारी के अनुसार तेज आंधी के दौरान किसी फ्लैक्स बोर्ड का झंडा और कपड़ा ट्रेन के पावर कार में फंस गया था। 


दरअसल, ट्रेन जब राजेंद्र नगर टर्मिनल से खुली, तभी यह समस्या सामने आई। बताया जा रहा है कि चालक ने सावधानी बरतते हुए किसी तरह ट्रेन को धीरे-धीरे खींचकर पटना साहिब स्टेशन तक पहुंचाया। वहां ट्रेन को रोककर रेलवे कर्मियों ने फंसे फ्लैक्स और कपड़े को हटाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद समस्या दूर की गई, जिसके बाद सुबह लगभग 10:15 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। करीब दो घंटे तक एक ही स्टेशन पर ट्रेन के लगे रहने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। यहां तक कि पटना हावड़ा मेन लाइन से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों का परिचाल भी इससे प्रभावित हुआ। 

अचानक बदले मौसम ने राजधानी पटना में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जगह-जगह जलजमाव, बिजली बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की भी खबरें सामने आई हैं। रेलवे और प्रशासन की टीमें स्थिति सामान्य करने में जुटी रहीं। न केवल पटना बल्कि बिहार के अन्य हिस्सों में भी आंधी और बारिश से रेल सेवा प्रभावित हुई।


गया जी और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और फिसलन भरी पटरियों ने रेलवे के सिस्टम की पोल खोल दी। गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में दुरंतो एक्सप्रेस घंटों तक अटकी रही, वहीं बसकटवा हॉल्ट पर नई दिल्ली-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस चढ़ाई में फंस गई। 


अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस गुरपा में, जनशताब्दी एक्सप्रेस पहाड़पुर में और वंदे भारत एक्सप्रेस टनकुप्पा में ठहर गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 8:30 बजे से ट्रेनें एक के बाद एक ठप होती चली गईं और पूरा रेलखंड मानो जाम की चपेट में आ गया।
रजनीश की रिपोर्ट