Patna News: नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग, SIT ने मुख्य आरोपी कमल सिंह गिरफ्तार

पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र में नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस की SIT टीम ने मुख्य आरोपी कमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग करने वाला चढ़ा पटना पुलिस के हत्थे - फोटो : Reporter

राजधानी पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने, यौन शोषण करने और निजी फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


पीड़िता ने दर्ज कराई गंभीर शिकायत, कई धाराओं में आरोप

पटना साकेत कुमार (SDPO 2) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता ने 7 अक्टूबर 2026 को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके साथ ही, निजी फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने, जान से मारने की कोशिश करने, मारपीट करने, रंगदारी मांगने और सोशल मीडिया आईडी हैक करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।


एसआईटी का गठन और पुलिस की तेज छापेमारी

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पटना के नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम, सचिवालय के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और कानूनी शिकंजा कसती जा रही है।


मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अदालत में पेश करने की तैयारी

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के तहत 8 अक्टूबर 2026 को छापेमारी के दौरान इस मामले के नामजद आरोपी कमल सिंह (पिता- भूपेंद्र सिंह, निवासी- ग्राम डुमरी, प्रखंड- सोनपुर, थाना- नयागांव, जिला- सारण) को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट