Patna Crime News: पटना में मंत्री के बाद अब पत्रकार के घर भीषण चोरी, 27 लाख के जेवर और 2 लाख कैश लेकर चोर फरार

Patna Theft News: पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैरिया में छठ पर्व के दौरान पत्रकार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया।सुबह महज एक घंटे के भीतर चोर 27 लाख के जेवर और 2 लाख नकद उड़ा ले गए। लगातार दो दिनों की वारदातों से पुलिस गश्ती पर सवाल।

पटना में मंत्री के बाद अब पत्रकार के घर भीषण चोरी- फोटो : Reporter

बिहार की राजधानी पटना में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी छठ महापर्व के दौरान देखने को मिली है। पर्व के पावन अवसर पर जहां पूरा शहर आस्था में डूबा हुआ था, वहीं चोरों ने सूने घरों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैरिया स्थित चकबैरिया हाई स्कूल के समीप का है, जहां प्रसिद्ध पत्रकार अरुण कुमार सिंह के बंद पड़े आवास को चोरों ने बड़ी सफाई से अपना शिकार बनाया।


अर्घ्य देने गया था परिवार: सुबह महज एक घंटे के भीतर दिया वारदात को अंजाम

घटना सोमवार सुबह की है जब पीड़ित परिवार छठ महापर्व के तहत उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर गया हुआ था। सुबह 5:50 बजे से 7:00 बजे के बीच यानी महज सवा घंटे के अंतराल में चोरों ने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार के सदस्यों को फोन पर घर में चोरी होने की सूचना मिली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत दौड़ते हुए घर पहुंचे।


सात अलमारियां तोड़ीं: 27 लाख के जेवर और दो लाख नकद लेकर फरार हुए चोर

घर के अंदर का नजारा देखकर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग दंग रह गए। चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ने के साथ-साथ घर के भीतर रखी कुल सात गोदरेज अलमारियों को भी तोड़ डाला। शातिर चोर अलमारियों में करीने से रखे करीब 27 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और दो लाख रुपये नकद समेट कर मौके से फरार हो गए।


पुलिस गश्ती पर उठे गंभीर सवाल: लगातार दो दिनों में हुई दो बड़ी चोरियां

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से नंगे पैर के फुटप्रिंट्स समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कराए गए। गौर करने वाली बात यह है कि इससे ठीक पहले शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर के आवास पर भी ऐसी ही बड़ी चोरी हुई थी। लगातार दो दिनों में वीआईपी और आम नागरिकों के घरों में हुई इन बड़ी वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्ती और राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट