Patna traffic: पटना में जेपी सेतु पर बना जाम का जाल! 3 घंटे तक रेंगती रहीं गाड़ियां
Patna traffic: पटना के जेपी सेतु पर भारी जाम से 3 घंटे तक ट्रैफिक ठप रहा। दुर्घटना और खराब वाहनों के कारण 6 किमी लंबी कतार लगी।
Patna traffic: पटना में सोमवार (20 अप्रैल 2026) की शाम जेपी सेतु पर भारी जाम लग गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। यह जाम करीब तीन घंटे तक लगा रहा। दीघा गोलंबर से लेकर पहलेजा तक लगभग 6 किलोमीटर लंबी गाड़ियों की लाइन लग गई थी। हालात ऐसे हो गए थे कि कई लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर सड़क किनारे खड़े हो गए और जाम खुलने का इंतजार करने लगे।
शाम करीब साढ़े छह बजे से लेकर रात साढ़े नौ बजे तक गाड़ियां कभी पूरी तरह रुक जा रही थीं तो कभी धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थीं। इस जाम का असर इतना ज्यादा था कि कई एंबुलेंस भी बीच में फंस गईं और उन्हें आगे जाने का रास्ता नहीं मिल पाया। जाम को हटाने के लिए दीघा थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार कोशिश करती रही, लेकिन स्थिति जल्दी सामान्य नहीं हो पाई।
सड़क हादसे से लगा जाम
जानकारी के मुताबिक, जाम की शुरुआत पहलेजा की तरफ एक सड़क हादसे से हुई। एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद ट्रैफिक रुक गया। इसके बाद जेपी सेतु पर तीन और वाहन खराब हो गए, जिससे समस्या और बढ़ गई। रात करीब नौ बजे के बाद धीरे-धीरे दीघा से सोनपुर की तरफ गाड़ियां चलने लगीं और ट्रैफिक सामान्य होने लगा। सिर्फ जेपी सेतु ही नहीं, बल्कि सोमवार दोपहर में मीठापुर आरओबी पर भी भारी जाम देखने को मिला। वहां भी गाड़ियां बहुत धीमी गति से चल रही थीं। बाद में जब वाहनों का दबाव कम हुआ तो स्थिति सामान्य हो सकी। इसी तरह रात में नेहरू पथ पर भी लंबी कतारें लग गई थीं।
जानें जाम के दूसरे कारण
इस जाम की एक बड़ी वजह वाहनों की बढ़ती संख्या और लोगों का गलत लेन में गाड़ी चलाना भी रहा। शादी-विवाह का सीजन शुरू होने की वजह से पहले से ही ट्रैफिक ज्यादा था। उसी दौरान एक दुर्घटना हो गई, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह रुक गया। इसके बाद कुछ लोग गलत लेन से निकलने की कोशिश करने लगे, जिससे दूसरी लेन भी जाम हो गई। स्थिति इतनी खराब हो गई कि दोनों तरफ से आने-जाने वाली गाड़ियां पूरी तरह फंस गईं। दीघा से सोनपुर और सोनपुर से दीघा जाने वाले दोनों रास्तों पर लंबा जाम लग गया। गर्मी और भीड़ के कारण लोग परेशान हो गए और कई लोग गाड़ी से उतरकर बाहर खड़े हो गए।