साईं भक्ति में डूबा पटना: कच्ची तालाब मंदिर के 18वें वार्षिकोत्सव पर निकली विशाल शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब

पटना के गर्दनीबाग स्थित कच्ची तालाब साईं मंदिर के 18वें वार्षिकोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। 15 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में महाभंडारा और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा।

Patna - गर्दनीबाग स्थित कच्ची तालाब का श्री शिर्डी साईं मंदिर शुक्रवार को भक्ति और उल्लास के संगम का साक्षी बना। मंदिर के 18वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे इलाके को 'साईंमय' कर दिया। इस विराट आयोजन में 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने शिरकत की, जिससे राजधानी की फिजा में आध्यात्मिक ऊर्जा घुल गई। 

हाथी-घोड़ों के साथ निकली भव्य पालकी यात्रा

शोभायात्रा का नजारा बेहद आकर्षक था। हाथी, घोड़ा और ऊंटों के साथ निकले इस जुलूस में बैंड-बाजा, डीजे और भांगड़ा की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मंदिर परिसर से शुरू होकर यह यात्रा अनीसाबाद गोलंबर, गर्दनीबाग, साधनापुरी, मीठापुर और यारपुर जैसे प्रमुख मोहल्लों से गुजरी। हर गली और चौराहे पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर बाबा की पालकी का स्वागत किया और जगह-जगह 'साईं राम' के जयकारों से आसमान गूंज उठा। 

आज होगा विशाल महाभंडारा, 20 हजार लोग छकेंगे प्रसाद

उत्सव का सिलसिला अभी थमा नहीं है। शनिवार को बाबा का भव्य श्रृंगार और विशेष आरती की जाएगी, जिसके बाद शाम 6 बजे से विशाल महाभंडारा शुरू होगा। आयोजन समिति के ऋषिकेश रंजन झा (रून्ना बाबा) ने बताया कि इस महाप्रसाद के लिए 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। 

सेवा और भक्ति का संगम: स्वास्थ्य शिविर और भजन संध्या

15 फरवरी (रविवार) को उत्सव का समापन होगा। इस दिन सुबह 11 बजे से मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जहां गरीब और जरूरतमंदों की जांच होगी। वहीं, शाम को दिल्ली से आए नामचीन कलाकार अपनी भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। 

आयोजन समिति की सक्रियता

इस महोत्सव को सफल बनाने में मुख्य संरक्षक सिवेश्वर प्रसाद, अध्यक्ष डॉ. अशोक नगर, कार्यकारी अध्यक्ष मोहनीष कुमार सहित निवेदिता सिंह, प्रभाष कुमार, मनोज सिंह और आलोक सिंह जैसे सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन और समिति दोनों मुस्तैद दिखे।

Report - vandana sharma