Patna Crime News: मॉल कर्मी की हत्या, पत्नी की हालत गंभीर, 16 साल के इस लड़के पर सनक का आरोप

पटना के लालबाग में शनिवार सुबह एक युवक ने घर में घुसकर सो रहे पति-पत्नी पर चाकू से हमला किया। छेड़खानी के विरोध में हुई इस रंजिश में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर है।पुलिस आरोपी सत्यम की तलाश में जुटी है।

मॉल कर्मी की हत्या, पत्नी की हालत गंभीर, 16 साल के इस लड़के पर सनक का आरोप- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के अशोक राजपथ स्थित लालबाग इलाके में शनिवार सुबह करीब 7 बजे अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक घर में घुसकर पति-पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। मकतुल नवाज एक मॉल में सेल्समैन के तौर पर काम करते थे और लालबाग में किराए के मकान की तीसरी मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते थे।


पत्नी की आपबीती: सीने पर बैठकर रेता गला

हमले में जख्मी होकर अस्पताल में भर्ती घायल नाजिया परवीन ने वारदात के खौफनाक मंजर को बयां करते हुए बताया कि वे दोनों सो रहे थे, तभी अचानक एक युवक कमरे में दाखिल हुआ। नाजिया की जब आंख खुली, तो हमलावर उनके पति के सीने पर बैठकर चाकू से उनका गला काट रहा था। अपनी 2 साल की बच्ची को बचाते हुए नाजिया ने हमलावर को पकड़ने की कोशिश की और करीब 5 मिनट तक संघर्ष किया, लेकिन खून से लथपथ होने के कारण आरोपी फिसलकर भागने में सफल रहा। भागने के दौरान उसने नाजिया के गर्दन और हाथ पर भी वार किया।


छेड़खानी के विरोध और रंजिश का मामला

मकतुल  के बड़े भाई नौखेज आलम के अनुसार, इस वीभत्स हत्याकांड के पीछे छेड़खानी का विरोध मुख्य वजह हो सकता है। उन्होंने बताया कि 'सत्यम' नामक एक लड़का उनकी बेटी को स्कूल आते-जाते समय अक्सर परेशान करता था। शुक्रवार शाम को भी उसने घर पर पत्थर फेंका था, जिसे पकड़कर परिजनों ने उसे समझाया और डांटा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपी ने शनिवार सुबह इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।


मौके का मंजर और पड़ोसियों की गवाही

घटना के वक्त चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा भयावह था। कमरे के दरवाजे से लेकर अंदर फर्श तक खून बिखरा पड़ा था। नवाज का शव जमीन पर था और नाजिया तड़प रही थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पीरबहोर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।


पुलिसिया जांच और फॉरेंसिक साक्ष्य

वारदात की गंभीरता को देखते हुए टाउन DSP-1 राजेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस की टीम जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया है, जिसने कमरे में बिखरे सामान और खून के धब्बों से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास की बिल्डिंगों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के भागने के रास्ते और पहचान की पुष्टि की जा सके। प्राथमिक तौर पर मामला आपसी रंजिश और प्रतिशोध का नजर आ रहा है।


आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी की कोशिशें तेज

इस खुरेजी के बाबत टाउन DSP ने बताया कि हमलावर युवक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की उम्र करीब 16 से 18 साल के बीच है। पुलिस मृतक के शव का पोस्टमार्टम कि प्रक्रिया में जुटी है और अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे लालबाग इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।