पटना: मनेर में पासपोर्ट कार्यालय और डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा सख्त

पटना के मनेर में पासपोर्ट ऑफिस और डाकघर को ई-मेल के जरिए मिली बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।परिसरों की सघन जांच जारी और साइबर टीम धमकी देने वाले का पता लगा रही है। CITY SP कि अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

मनेर में पासपोर्ट कार्यालय और डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी- फोटो : Reporter

पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र स्थित पासपोर्ट कार्यालय और डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों को ई-मेल के जरिए यह धमकी दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई।


सुरक्षा बल मुस्तैद, परिसरों की गहन तलाशी

धमकी की खबर मिलते ही पुलिस ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत दोनों परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया। पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से पासपोर्ट कार्यालय और डाकघर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली गई। एहतियात के तौर पर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय तुरंत लागू कर दिए गए हैं।


ई-मेल के स्रोत और साइबर एंगल की जांच जारी

घटना के बाद पुलिस की तकनीकी और साइबर टीम सक्रिय हो गई है। जिस ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी गई थी, उसकी आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट्स की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी असामाजिक तत्व की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ा आपराधिक नेटवर्क शामिल है।


सिटी एसपी की अपील: स्थिति नियंत्रण में, अफवाहों से बचें

मामले की जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार ने बताया कि सभी कानूनी और तकनीकी पहलुओं से मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही, उन्होंने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

रंजीत कुमार की रिपोर्ट