पटना में चोरों का तांडव: 4 साल में तीसरी वारदात, गृहस्वामी को कमरे में बंद कर लाखों के जेवरात और नकदी उड़ाई

पटना में चोरों का तांडव 4 साल में तीसरी वारदात- फोटो : Reporter

पटना के मनेर थाना क्षेत्र के जीवराखन टोला, दरवेशपुर में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने शातिराना अंदाज में गृहस्वामी कपिलदेव सिंह को उन्हीं के कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने पूरे इत्मीनान से घर को खंगाला और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात समेत 60 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


नींद खुली तो कमरे का दरवाजा मिला बाहर से बंद

घटना के वक्त गृहस्वामी कपिलदेव सिंह अपने कमरे में सोए हुए थे। रात करीब 2 बजे जब अचानक उनकी नींद खुली और उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, तो दरवाजा बाहर से बंद पाया। किसी अनहोनी की आशंका को भांपते हुए उन्होंने जोर से धक्का देकर दरवाजे की कुंडी तोड़ी। जब वे कमरे से बाहर आए, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थीं।


गोदरेज और संदूक के ताले तोड़कर ले गए कीमती जेवरात

चोरों ने घर के सभी कमरों में रखी गोदरेज अलमारी और संदूक के ताले तोड़ डाले। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर अपने साथ ढाई भर का सोने का हार, डेढ़ भर की सोने की सिकरी, बाली, झुमका, अंगूठी, चूड़ी, मंगलसूत्र, मांगटीका और नथिया ले गए। इसके अलावा चांदी के बर्तन, कटोरा, मछली, कसैली, सिक्के, छागल, पायल और 60 हजार रुपये कैश पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। हालांकि, जल्दबाजी में चोर नाक की नथिया और ताला तोड़ने वाले औजार मौके पर ही छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।


चार साल में तीसरी वारदात, दहशत में पीड़ित परिवार

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित कपिलदेव सिंह ने थाने में लिखित आवेदन देकर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम से जांच कराने की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि घर के बगल में ही उनकी किराने की दुकान है, जहां पिछले चार साल में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है। घर और दुकान को मिलाकर यह तीसरी बड़ी वारदात है। बार-बार हो रही इन घटनाओं से उनका पूरा परिवार और स्थानीय ग्रामीण गहरे दहशत में हैं।