Patna bribe: विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई!पटना के मोकामा में थानाध्यक्ष सौरभ कुमार 27 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

Patna bribe: पटना के मोकामा स्थित सम्यागढ़ थाना के थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 27 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जेसीबी चलाने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत पर कार्रवाई की गई।

Patna bribe: पटना जिले के मोकामा स्थित सम्यागढ़ थाना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सम्यागढ़ थाना के थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को 27,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सौरभ कुमार पुलिस अवर निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर कार्यरत हैं और सम्यागढ़ थाना के प्रभारी हैं। जानकारी के अनुसार, सम्यागढ़ थाना क्षेत्र के प्रह्लादपुर निवासी मनोज कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि थाना प्रभारी सौरभ कुमार उनके क्षेत्र में जेसीबी मशीन चलाने के बदले हर सप्ताह रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच की और आरोपों को सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई।

इसके बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। टीम ने सम्यागढ़ थाना परिसर में ही सौरभ कुमार को 27,000 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी थानाध्यक्ष के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस तरह की रिश्वतखोरी के अन्य मामले भी तो सामने नहीं आए हैं।

पुलिस विभाग में भी हड़कंप 

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी पद पर रहते हुए रिश्वत लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पटना से रिपोर्ट