बेलगाम अपराधी: पटना के नाला रोड पर दिन-दहाड़े महिला से सोने की चेन लूटी, आक्रोशित जनता ने सड़क पर लगाया जाम

पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और अब वे दिन-दहाड़े आम नागरिकों को अपना निशाना बना रहे हैं। कदमकुआं थाना क्षेत्र के नाला रोड पर हुई एक ताजा घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Patna - राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत नाला रोड पर अपराधियों ने बेखौफ होकर एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। बीच सड़क पर एक राह चलती महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट छीनकर अपराधी पैदल ही फरार हो गया। इस घटना ने व्यस्ततम इलाकों में पुलिस की मौजूदगी और गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। 

महिला ने किया पीछा, स्कूल की बाउंड्री लांघकर भागा बदमाश

पीड़ित महिला ने हिम्मत दिखाते हुए चेन छीनकर भाग रहे अपराधी का चीखते-चिल्लाते पीछा भी किया। हालांकि, शातिर अपराधी पास के ही एक सरकारी स्कूल की बाउंड्री को छलांग लगाकर भागने में सफल रहा। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां जुटे, लेकिन तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुका था।

नाला रोड पर फूटा जनता का आक्रोश, यातायात ठप

इस वारदात से स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी गुस्सा देखा गया। आक्रोशित लोगों ने पीड़िता के साथ मिलकर नाला रोड सड़क मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पटना पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर अपना विरोध जताया। सड़क जाम होने के कारण नाला रोड और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ गई, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पुलिस को अपराधियों की खुली चुनौती

पटना में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। गौरतलब है कि रविवार की रात ही पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दोहरे हत्याकांड की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी थी। उस बड़ी वारदात के कुछ ही घंटों बाद नाला रोड पर दिन-दहाड़े हुई इस लूट ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

समझाने में जुटी कदमकुआं पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने के प्रयास में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पैदल भागने वाले अपराधी की पहचान की जा सके। समाचार लिखे जाने तक सड़क मार्ग पर लोगों का प्रदर्शन जारी था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।

Report - anil kumar