पटना में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या: 8 फीट गहरे गड्ढे में दफन शव 4 दिन बाद बरामद, इलाके में हड़कंप

पटना के नौबतपुर में दहेज के लिए नवविवाहिता रूपा कुमारी की हत्या का सनसनीखेज मामला। ससुराल वालों ने हत्या कर 8 फीट गहरे गड्ढे में शव दफनाया। 4 दिन बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बरामद किया शव।

दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के नौबतपुर थाना अंतर्गत चेसी गांव से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। महज दो महीने पहले, 25 फरवरी 2026 को बड़े अरमानों के साथ ब्याही गई रूपा कुमारी की दहेज के लिए कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतका के पिता शिवशंकर यादव का आरोप है कि शादी में 5 लाख नकद, मोटरसाइकिल और गहने देने के बावजूद ससुराल पक्ष की लालच कम नहीं हुई और उनकी बेटी को लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।


हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की साजिश

20 अप्रैल की रात परिजनों से आखिरी बार बात करने वाली रूपा की मौत की खबर अगले दिन सुबह ससुराल वालों ने 'आत्महत्या' बताकर दी। हालांकि, जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो पूरा ससुराल पक्ष फरार था और शव गायब था। परिजनों के संदेह पर पुलिस ने जब छानबीन शुरू की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए न केवल शव को जलाने की कोशिश की, बल्कि उसे गांव के बाहर चेसी बधार में करीब 8 से 10 फीट गहरे गड्ढे में दफन कर दिया।


मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बरामद हुआ शव

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी इनपुट और पूछताछ के आधार पर चार दिनों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बधार में खुदाई कराई गई, जहां भारी गहराई से रूपा का शव बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि इतनी गहराई तक गड्ढा खोदने के लिए जेसीबी (JCB) मशीन का इस्तेमाल किया गया होगा, जिससे इस साजिश में कई लोगों की संलिप्तता साफ जाहिर होती है।


पुलिसिया कार्रवाई और दहशत का माहौल

घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम ने पहुँचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने पूरे नौबतपुर इलाके में हड़कंप मचा दिया है और एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज जैसी भयावह कुप्रथा पर कड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट - सुमित कुमार , पटना