पटना पुलिस और STF का ताबड़तोड़ एक्शन: 12 घंटे में 'लव ट्रायंगल' में चाकूबाजी का खुलासा,तीनों हमलावर गिरफ्तार
पटना में गुरुवार की दोपहर दिनदहाड़े बीच सड़क पर तीन युवकों ने एक युवक को दौड़ा कर चाकू मार दी जिससे युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस STF के साथ मिलाकर ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है
राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर हुई दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। हालांकि, पटना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि पुलिस ने न केवल आरोपियों को दबोचा, बल्कि 12 घंटे के अंदर वारदात के पीछे की असली वजह का भी खुलासा कर दिया है। STF और पटना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है।
एक लड़की के लिए दोस्तों के बीच छिड़ी रंजिश
पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ है वह चौंकाने वाला है। सिटी एसपी ने बताया कि यह पूरा विवाद एक लड़की से बातचीत करने को लेकर शुरू हुआ था। मुख्य आरोपी मोहम्मद ताहिर और जख्मी अमन कुमार दोनों एक ही लड़की के संपर्क में थे। दोनों एक-दूसरे पर लड़की से दूर रहने और बात न करने का दबाव बना रहे थे। इसी रंजिश को सुलझाने के नाम पर ताहिर ने अमन को बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन वहां मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया।
साजिश के तहत हमला और गिरफ्तारी की पहचान
घटना गुरुवार दोपहर फाकिरबारा मस्जिद के निकट कब्रिस्तान के पास हुई। ताहिर ने अमन को पुराने विवाद पर चर्चा के लिए बुलाया, जहाँ उसके साथ मोहम्मद अयान और मोहम्मद साहिल भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ी और अयान व साहिल ने अमन पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. ताहिर, मो. अयान और मो. साहिल के रूप में हुई है। अयान और साहिल की आपस में गहरी दोस्ती थी और उन्होंने ताहिर का साथ देते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।
PMCH में भर्ती पीड़ित और पुलिस की आगे की जांच
चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल अमन का इलाज फिलहाल PMCH में चल रहा है, जहाँ उसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने अमन के फर्दबयान के आधार पर ही प्राथमिकी दर्ज की थी। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में किसी बड़े अपराधी या लड़की की सीधी संलिप्तता सामने नहीं आई है, यह आपसी विवाद का ही परिणाम लग रहा है। फिलहाल पुलिस अन्य किसी भी संदिग्ध की भूमिका की पहचान करने में जुटी है ताकि मामले के हर पहलू को साफ किया जा सके।