पटना पुलिस की बड़ी कामयाबी: दानापुर ज्वेलरी लूटकांड का महज इतने घंटे में खुलासा, चारों लुटेरे गिरफ्तार

"पटना पुलिस ने दानापुर में दिनदहाड़े हुई ज्वेलरी दुकान लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए चारों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटे गए जेवरात और हथियार भी बरामद किए हैं।

दानापुर ज्वेलरी लूटकांड का महज इतने घंटे में खुलासा- फोटो : news 4 nation

पटना में बीते मंगलवार को दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस काली मंदिर रोड स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स दुकान में 4 बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर चार लाख रुपये के सोने व चांदी के जेवरात लूट लिए,अपराधियों ने व्यस्त इलाके में स्थित दुकान को निशाना बनाकर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए पटना एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने महज 2 दिनों के अन्दर दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने ताबड़तोड़  कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल सभी चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी पटना जिले से बाहर के 2 जिलो से हुई है।  

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सेल की मदद से मिले सुराग 

लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे अपराधियों के भागने की दिशा और उनके हुलिए का पता चला। तकनीकी सेल (Technical Cell) की मदद से लुटेरों के मोबाइल लोकेशन और संदिग्ध गतिविधियों को ट्रैक किया गया। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गंगा पार का रुख किया और फिर उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और चारों आरोपियों को एक साथ दबोचने में सफलता पाई। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लुटेरे सिवान और सारण जिलो के निवासी है। 

लूटे गए जेवरात और हथियार बरामद

गिरफ्तार लुटेरों के पास से पुलिस ने लूटे गए सोने और चांदी के जेवरात का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है। इसके साथ ही, घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार, कारतूस और अपराधियों की बाइक भी जब्त की गई है। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह का संबंध राज्य के अन्य बड़े लूटकांडों से है या नहीं। प्राथमिक जांच में पता चला है कि गिरोह ने स्थानीए लाइनर के सहयोग से रेकी  करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया था। जल्द ही पटना पुलिस प्रेस कांफेरेंस के जरिये मिडिया से जानकारी साझा करेगी।